ग्वालियर के दो दिव्यांग खिलाड़ियों ने बढ़ाया गौरव, कलेक्टर श्रीमती चौहान ने हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा


ग्वालियर। प्रतिभा किसी शारीरिक सीमा की मोहताज नहीं होती। दृढ़ इच्छाशक्ति, निरंतर परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर असंभव को संभव बनाया जा सकता है। ग्वालियर के दो दिव्यांग खिलाड़ियों अरविंद रजक और अजीत प्रजापति ने इसी सत्य को चरितार्थ करते हुए राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले, प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। सोमवार को दोनों खिलाड़ियों ने कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती चौहान ने जिलेवासियों की ओर से दोनों खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं और उनके अदम्य साहस, संघर्षशीलता व उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे खिलाड़ी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं, जो अपनी उपलब्धियों से यह संदेश देते हैं कि मजबूत इरादों के सामने कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती।
कलेक्टर श्रीमती चौहान ने दोनों खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए आश्वस्त किया कि उनकी खेल प्रतिभा को और अधिक निखारने तथा राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। ग्वालियर के बड़ागांव निवासी अरविंद रजक दिव्यांग आर्म्स रेसलिंग के राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हैं। उन्होंने हाल ही में गांधीनगर (गुजरात) में आयोजित राष्ट्रीय दिव्यांग आर्म्स रेसलिंग चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक अर्जित कर उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल की है। उनकी इस शानदार सफलता के आधार पर उनका चयन आगामी वर्ल्ड आर्म्स रेसलिंग चैम्पियनशिप के लिए हुआ है। इसी प्रकार रमौआ कॉलोनी निवासी श्री अजीत प्रजापति दिव्यांग राष्ट्रीय व्हीलचेयर रग्बी टीम के कप्तान हैं। उन्होंने हाल ही में इंडोनेशिया के बाली शहर में आयोजित हुई एशियन चैम्पियनशिप क्वालीफाइंग प्रतियोगिता में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। उनकी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए उनका चयन जापान में आयोजित होने वाली एशियाई चैम्पियनशिप के लिए भारतीय टीम में किया गया है। दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धियाँ न केवल ग्वालियर जिले के लिए गर्व का विषय हैं, बल्कि वे युवाओं और दिव्यांगजनों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत हैं। उनकी सफलता यह सिद्ध करती है कि समर्पण, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

posted by Admin
10

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->