प्रतियोगिताओं से एक दूसरे को समझने का मौका मिलता हैः एसएसपी धर्मवीर
- 34वीं अंतर जिला उत्तरी जोन खेलकूद प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ
ग्वालियर। आप सभी को इस महत्वपूर्ण प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिला है आप इसका लाभ उठायें। यह बहुत हर्ष का विषय होता है जब हम इस व्यस्थ नौकरी में से समय निकालकर इस प्रकार की प्रतियोगिता में भाग लेते हैं, यह खेल प्रतियोगिता कराने की भावना है कि आप सभी एक दूसरे को समझें और अंतरजिला स्तर पर एक अच्छी टीम तैयार हो। सभी प्रतिभागी इस प्रतियोगिता में अच्छी खेल भावना से भागीदारी करें। यह बात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में सोमवार को 34वीं अंतर जिला, उत्तरी जोन, पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता 2026 के शुभारंभ अवसर पर कहीं।
कार्यक्रम के शुभारंभ में पुलिस अधिकारियों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। खेलकूद प्रतियागिता के शुभारंभ कार्यक्रम में प्रतियोगिता में भाग लेने वाले जिलों के खिलाड़ियों ने पुलिस बैंड की धुन पर अनुशासनबद्ध मार्च पास्ट किया। इसके बाद एसएसपी ने प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को नियमों का पालन करने व खेल को सच्ची भावना से खेलने की शपथ दिलाई और 34वीं जोन स्तरीय अंतर जिला खेलकूद प्रतियोगिता 2026 के शुभारंभ की घोषणा की। प्रतियोगिता में ग्वालियर, चम्बल, सागर एवं छतरपुर रेंज के खिलाडी सम्मिलित हो रहे है। जिनमे कुल 14 जिले के ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, भिण्ड, मुरैना, श्योपुर, दतिया, सागर, दमोह, छतरपुर, पन्ना, टीकमगढ, निवाडी की टीमें भाग ले रही है। इस प्रतियोगिता में लगभग 190 खिलाड़ी भाग ले रहे है। कुल 11 खेल जिसमें हॉकी, फुटबॉल, व्हॉलीबॉल, बास्केटबॉल, हैण्डबॉल, कबड्डी, कुश्ती, एथलेटिक्स एवं क्रासकंट्री खेलों की प्रतियोगितायें आयोजित की जायेगी। खेलों का आयोजन पुलिस लाईन एवं खेल गांव हजीरा, 02वीं वाहिनी कम्पू, खेल परिसर कम्पू पर किया जायेगा।