रामजानकी ट्रस्ट रानी घाटी मंदिर की 107 बीघा भूमि अतिक्रमण मुक्त कराई
- भूमि का कब्जा मंदिर ट्रस्ट को सौंपा गया
ग्वालियर। सरकारी एवं मंदिरों से संबंधित जमीनों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को प्रभारी कलेक्टर कुमार सत्यम के निर्देश पर गई जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने विकासखंड घाटीगांव के अंतर्गत झांकरी ग्राम में बड़ी कार्रवाई कर श्री रामजानकी ट्रस्ट रानी घाटी मंदिर की 107 बीघा भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।
एसडीएम भितरवार राजीव समाधिया के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान भूमि पर अवैध रूप से कब्जा किए हुए लोगों को बेदखल कर मंदिर की जमीन का विधिवत कब्जा मंदिर के पुजारी कमलानंद महाराज को सौंपा गया। अतिक्रमण से मुक्त कराई गई भूमि की अनुमानित बाजार कीमत 11 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग एवं पुलिस बल की मौजूदगी में मौके पर कब्जा दिलाने की प्रक्रिया पूरी की गई। मंदिर के पुजारी द्वारा भूमि की सीमाओं पर मुड्डियां गड़वाकर भूमि का कब्जा प्राप्त किया गया। जानकारी के अनुसार लगभग 35 अतिक्रमणकारी पिछले 25 से 30 वर्षों से इस भूमि पर अवैध रूप से कब्जा किए हुए थे। यह कार्रवाई एसडीएम भितरवार राजीव समाधिया, एसडीओपी जितेन्द्र नगाइच, तहसीलदार सुश्री रुचि अग्रवाल, नायब तहसीलदार सुश्री पूजा मावई, थाना प्रभारी भितरवार एवं चीनोर सहित राजस्व विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा पुलिस बल की उपस्थिति में संपन्न हुई।