मेगा एग्रीकल्चर आउटरीच कार्यक्रम में किसानों को 4.36 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित
ग्वालियर । किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण, कृषि विकास और ग्रामीण समृद्धि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सरकार की मंशा के अनुरूप अग्रणी बैंक सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा शुक्रवार को डबरा शाखा में मेगा एग्रीकल्चर क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों, बैंक अधिकारियों तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान पात्र हितग्राहियों को कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई), एग्री इंफ्रा, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), स्व-सहायता समूहों तथा ट्रैक्टर ऋण सहित विभिन्न योजनाओं के तहत कुल 4.36 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। इससे किसानों को आधुनिक कृषि अपनाने, आय बढ़ाने और स्वरोजगार गतिविधियों को विस्तार देने में सहायता मिलेगी। कार्यक्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के ब्लॉक अधिकारी राहुल शर्मा, अग्रणी जिला प्रबंधक श्रीमती अमिता शर्मा, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया डबरा शाखा के मुख्य प्रबंधक प्रदीप सिंह, भितरवार शाखा के प्रबंधक राहुल मित्तल, छीमक शाखा के प्रबंधक प्रकाश भदौरिया, कृषि वित्त अधिकारी आशिल भोंसले सहित बैंक का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में किसान भाई-बहन उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्य प्रबंधक प्रदीप सिंह ने कहा कि कृषि एवं इससे जुड़ी गतिविधियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने किसानों से शासन एवं बैंक द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ लेकर आधुनिक, वैज्ञानिक एवं लाभकारी कृषि अपनाने का आह्वान किया।
अग्रणी जिला प्रबंधक श्रीमती अमिता शर्मा ने वित्तीय समावेशन और संस्थागत ऋण की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए किसानों को औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था से जुड़ने तथा उपलब्ध योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में बैंक अधिकारियों द्वारा किसानों को कृषि ऋण, डेयरी, पशुपालन, स्व-सहायता समूहों तथा अन्य आयवर्धक गतिविधियों के लिए उपलब्ध वित्तीय सहायता एवं बैंकिंग सुविधाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई। साथ ही विभिन्न शासकीय योजनाओं, कृषि नवाचारों और वित्तीय सेवाओं के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया।कार्यक्रम का समापन किसानों के उज्ज्वल भविष्य, कृषि क्षेत्र की उन्नति तथा ग्रामीण विकास के प्रति सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।