अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन के लिए ग्वालियर में तैयारियां जारी
ग्वालियर। जिले में भी आयुष विभाग द्वारा “100 डेज फ्री लाइव योगा सेशंस” एवं 50 दिवसीय नि:शुल्क काउंटडाउन कार्यक्रम के अंतर्गत कॉमन योगा प्रोटोकॉल आधारित योग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के तहत 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां भी की जा रही हैं। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने जिलेवासियों से योग को अपने जीवन की आदत बनाने की अपील की है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। प्रभारी जिला आयुष अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में नियमित रूप से योग शिविर लगाए जा रहे हैं। साथ ही सभी आयुष औषधालयों में लोगों को योग अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित किया जा रहा है।