ऊर्जा मंत्री तोमर ने 5.14 करोड़ की लागत के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन

- इलैक्ट्रिक स्कूटी से भूमिपूजन करने पहुंचे 
ग्वालियर। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने सोमवार को उप नगर ग्वालियर में 5.14 करोड रूपए की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। विकास कार्यों का भूमिपूजन करने ऊर्जा मंत्री तोमर इलैक्ट्रिक स्कूटी पर सवार होकर कार्यक्रम स्थल पर पहुँचे।
इस दौरान ऊर्जा मंत्री तोमर ने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि बिरला नगर प्रसूति गृह की कायाकल्प किया गया है। इसी तरह सिविल अस्पताल हजीरा में अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवायें उपलब्ध कराई जा रही हैं। उप नगर ग्वालियर में सड़क, बिजली व पेयजल सुविधाओं का भी व्यापक विस्तार हुआ है। ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने कहा कि आने वाले दिनों में विभिन्न क्षेत्रों में सीवर लाइन बिछाने का काम शुरू होगा। उन्होंने कहा जेसी मिल श्रमिकों के बकाया स्वत्वों का जल्द निराकरण किया जायेगा। उन्हें उनका हक बहुत जल्दी मिले। सरकार इस सम्बन्ध में अपना काम पूरी शिद्दत के साथ कर रही है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने उप नगर ग्वालियर के बिरला नगर, स्थित वार्ड नंबर 12 और 15 में 50 क्वार्टर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जेसी मिल गेट से चार शहर का नाका तक 3 करोड़ की लागत से प्रस्तावित मेन ट्रंक सीवर लाइन परियोजना का भूमि पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह महत्वपूर्ण परियोजना क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने, नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराने तथा सुनियोजित शहरी विकास को गति प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। 
इसके बाद ऊर्जा मंत्री ने वार्ड नंबर 8, रामेश्वरी नगर में लगभग 29.32 लाख की लागत से निर्मित होने वाली सीमेंट कांक्रीट रोड के निर्माण कार्य का भूमिपूजन करते हुए कहा कि यह विकास कार्य क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा प्रदान करेगा तथा वार्ड के समग्र विकास को नई दिशा देगा। साथ ही जनसेवा और विकास के संकल्प के साथ क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। ऊर्जा मंत्री ने उप नगर ग्वालियर के फोर्ट व्यू स्कूल के सामने स्थित लक्ष्मण तलैया मैदान में डोंगरपुर उपाध्याय सदन से हनुमान मंदिर तक तथा आकाश श्रीवास्तव के निवास के समीप विभिन्न गलियों में 24 लाख की लागत से सीमेंट कांक्रीट रोड एवं नाली निर्माण कार्य के भूमि पूजन करते हुए कहा कि इस निर्माण कार्य से क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन, स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं का लाभ प्राप्त होगा।  ऊर्जा मंत्री ने उप नगर ग्वालियर के संत कृपाल सिंह के आश्रम से रोड डिवाइडर के दोनों ओर 1.60 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाली सीवर लाइन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।
ऊर्जा मंत्री तोमर ने विनय नगर सेक्टर-1 पहुंचकर क्षेत्र में चल रहे सफाई कार्यों का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की स्वच्छता, सौंदर्यीकरण एवं नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। श्री तोमर ने कहा कि हमारा संकल्प है कि ग्वालियर का प्रत्येक वार्ड स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं विकासोन्मुख बने। जनहित और जनसेवा के इसी उद्देश्य के साथ निरंतर कार्य कर रहे हैं, ताकि नागरिकों को बेहतर वातावरण और सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने उप नगर ग्वालियर के वार्ड 1 स्थित बजरंग कॉलोनी, गुप्तेश्वर कॉलोनी तथा होतम का पुरा में भी विकास कार्यों का निरीक्षण करते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के सम्बन्ध में जानकारी ली और स्थानीय नागरिकों से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को सुना। 

posted by Admin
17

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->