रिश्वत लेते प्रिंसिपल को पकड़ा, निजी स्कूल की शिकायत दबाने के बदले मांगे थे 10 हजार
इंदौर| लोकायुक्त पुलिस ने शासकीय हायर सेकेंडरी विद्यालय बालक क्रमांक-1 संयोगितागंज के प्राचार्य और नोडल अधिकारी राजकुमार चेलानी को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा है। आरोपी पर एक निजी स्कूल की शिकायत का निराकरण करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। मामले की शिकायत इदरिस नगर निवासी और द इंटरनेशनल कॉन्वेंट स्कूल संचालक रवि जायसवाल ने लोकायुक्त एसपी राजेश सहाय से की थी। शिकायत में बताया था कि उनके स्कूल के खिलाफ एक अभिभावक ने शिकायत की थी।
इस शिकायत के निराकरण के एवज में संकुल प्राचार्य राजकुमार चेलानी 10 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहे थे। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। शुक्रवार को प्राचार्य ने रिश्वत की राशि लेकर आवेदक को स्कूल बुलाया था। इसके बाद लोकायुक्त की ट्रैप टीम सक्रिय हो गई। जैसे ही प्राचार्य ने आवेदक से 10 हजार रुपए लिए, टीआई प्रतिभा तोमर और हेड काॅन्स्टेबल आशीष शुक्ला की टीम ने उन्हें पकड़ लिया। आरोपी राजकुमार चेलानी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम-2018 की धारा-7 के तहत कार्रवाई की जा रही है।