ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय का 62वाँ स्थापना दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें रिले दौड़, चेयर रेस, जलेबी रेस एवं बैलून प्रतियोगिता प्रमुख रहीं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
स्थापना दिवस समारोह मैं तिरंगा यात्रा निकाली गई । इस अवसर पर कैलाशवासी महाराज जीवाजी राव सिंधिया के आदम कद प्रतिमा पर कुलगुरु, कुलसचिव सहित सैकड़ो लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित की। विश्वविद्यालय परिवार ने राष्ट्रभक्ति एवं एकता का संदेश देते हुए परिसर में तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और देशभक्ति के नारों के साथ वातावरण को उत्साहमय बना दिया।कार्यक्रम के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा एवं खेल भावना का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के उत्कृष्ट एवं प्रतिभावान स्वयंसेवकों को भी उनके उल्लेखनीय कार्यों एवं सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए कुलगुरु प्रो. राजकुमार आचार्य ने कहा कि जीवाजी विश्वविद्यालय ने अपने 62 वर्षों के गौरवशाली सफर में शिक्षा, अनुसंधान एवं सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय केवल डिग्री प्रदान करने का केंद्र नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण एवं चरित्र निर्माण की महत्वपूर्ण संस्था है। विद्यार्थियों को ज्ञान के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी सजग रहना चाहिए। उन्होंने युवाओं से नवाचार, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा की भावना को अपनाने का आह्वान किया।
कुल सचिव डॉ राजीव मिश्रा ने अपने उद्बोधन में विश्वविद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संस्थान निरंतर गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रयासरत है। उन्होंने स्थापना दिवस को विश्वविद्यालय परिवार के लिए गौरव एवं आत्ममंथन का अवसर बताते हुए सभी को बधाई दी। इस अवसर पर रिले दौड़ प्रतियोगिता कुलगुरु की टीम जीती। बैलून प्रतियोगिता में स्वर्णा परमार प्रथम रही, राजेश नायक द्वितीय रहे, तृतीय कुलसचिव राजी मिश्रा रहे। चेयर रेस मैं प्रोफेसर आई के पात्रो प्रथम रहे। जलेबी रेस में राजेश नायक प्रथम यतेंद्र शर्मा द्वितीय स्थान पर रहे।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों एवं सम्मानित एन एस एस के स्वयंसेवकों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। पूरे समारोह में उत्साह, उमंग और विश्वविद्यालय के प्रति गौरव की भावना देखने को मिली। स्थापना दिवस समारोह ने विश्वविद्यालय परिवार को एकजुटता, राष्ट्रप्रेम और उत्कृष्टता के संदेश के साथ नई ऊर्जा प्रदान की। इस अवसर पर प्रो जे एन गौतम, प्रो डी एन गोस्वामी, प्रो शांतिदेव सिसोदिया, प्रो एस के सिंह, प्रो राजेंद्र खटीक, प्रो महेंद्र गुप्ता, प्रोफेसर समीर भागवत, डॉ सतेन्द्र सिंह सिकरवार, प्रो स्वर्णना परमार, प्रोफेसर हेमंत शर्मा, एनएसएस के समन्वयक प्रोफेसर हरिशंकर सिंह,डॉ गणेश दुबे, विश्व रंजन गुप्ता, राकेश सिंह गुर्जर, यतेंद्र शर्मा, राजेश सक्सेना, शैलेन्द्र राणा,लोकेश चतुर्वेदी, पंकज त्रिपाठी आदि सहित जीवाजी विश्वविद्यालय के खेल विभाग के शिक्षक,छात्र एवं एनएसएस के स्वयंसेवक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन प्रो हरिशंकर सिंह एवं स्पोर्ट टीचर अरविंद सिंह गुर्जर ने किया।