नियोजित विकास के लिए समेकित कार्य योजना बनाएं: पवैया
- राज्य वित्त आयोग ने जनप्रतिनिधियों से लिए स्थानीय निकायों के विकास एवं वित्तीय मजबूती संबंधी सुझाव
ग्वालियर। स्थानीय निकायों के नियोजित एवं सर्वांगीण विकास के लिए समेकित कार्य योजना जरूरी है। ग्वालियर निवासी होने के नाते हम सभी का दायित्व है कि संबंधित विभाग, विकास प्राधिकरण और जनप्रतिनिधिगण आपसी समन्वय बनाकर ग्वालियर के समवेत विकास की योजना तैयार करें। यह बात राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया ने बुधवार को व्हीआईपी सर्किट हाउस, मुरार में आयोजित बैठक में कही। बैठक में राज्य वित्त आयोग द्वारा ग्वालियर जिले की पंचायतों, ग्वालियर नगर निगम एवं अन्य नगरीय निकायों के विकास से संबंधित विषयों पर जनप्रतिनिधियों से सुझाव लिए गए।
राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष पवैया ने कहा कि स्थानीय निकायों में वित्तीय संसाधनों के सदुपयोग एवं विकास कार्यों में गुणवत्ता के लिए मजबूत व पारदर्शी व्यवस्था विकसित करना जरूरी है। उन्होंने निकायों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वयं के राजस्व स्रोत विकसित करने पर जोर दिया। साथ ही ग्वालियर शहर और उसके आसपास पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा देने के लिए आसान पहुंच वाले पर्यटन स्थलों का चयन करने की आवश्यकता बताई। श्री पवैया ने सोलर ऊर्जा को बढ़ावा देने तथा सोलर प्लांट स्थापित करने के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने पर भी बल दिया। नगर निगम की आय बढ़ाने के उद्देश्य से शहर के आसपास के गांवों में सुनियोजित आवासीय कॉलोनियां विकसित करने का सुझाव भी उन्होंने दिया। बैठक में स्थानीय स्वशासी संस्थाओं की वित्तीय स्थिति, पारदर्शिता, विकास कार्यों की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था और आमजन की मूलभूत आवश्यकताओं सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में मौजूद वरिष्ठ जनप्रतिनिधिगणों ने ग्वालियर में रिंग रोड एवं रोपवे निर्माण में तेजी लाने, घर में पार्किंग होने के बावजूद सड़कों पर वाहन खड़े करने वालों से शुल्क वसूलने, शहर की साफ-सफाई के लिए स्थायी कर्मचारियों की नियुक्ति करने तथा पॉलीथिन के उपयोग को हतोत्साहित करने जैसे सुझाव दिए। इसके अलावा समाप्त किए जा चुके करों की भरपाई शासन से निकायों को किए जाने की मांग भी रखी । बैठक में महापौर श्रीमती शोभा सिकरवार, विधायक सतीश सिंह सिकरवार व सुरेश राजे, ग्वालियर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन सिंह भदौरिया, मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष अशोक सिंह जादौन, साडा अध्यक्ष अशोक शर्मा एवं निगम सभापति मनोज तोमर सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में राज्य वित्त आयोग के सदस्य के के सिंह व सदस्य सचिव वीरेन्द्र कुमार भी मौजूद थे।