बारिश में कहीं जलभराव हुआ तो संबंधित इंजीनियर होंगे जिम्मेदारः महापौर डॉ सिकरवार
ग्वालियर। शहर के सभी नालों सीवर लाइनों की तली झाड़ सफाई कर लें इसके लिए जो भी अतिरिक्त संसाधन लगाने हैं वह भी लगा ले यदि बारिश के दौरान किसी भी क्षेत्र में पानी भरा तो संबंधित क्षेत्र के इंजीनियर जिम्मेदार होंगे। इसके साथ ही गंदे पानी की समस्याओं का भी निराकरण समय रहते करे अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह निर्देश महापौर डॉ शोभा सतीश सिंह सिकरवार ने शनिवार को चारों विधानसभा क्षेत्र की अलग अलग समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को दिए।
बैठक में विधायक डॉ सतीश सिंह सिकरवार ने विधानसभा क्षेत्र के सभी वार्डों की वार्ड वार चर्चा की तथा गंदे पानी समस्या एवं नाला सफाई तथा सीवर सफाई को लेकर अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने नगर निगम आयुक्त से कहा कि अभी प्रत्येक जोन में 10-10 कर्मचारी नाला सफाई के लिए अतिरिक्त व्यवस्था कर दें, जिससे वार्ड में नालों की सफाई हो जाए अन्यथा बारिश के दौरान बहुत अधिक समस्या होगी। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के नालों एवं सीवर लाइन की तली झाड़ सफाई कराए, तभी समस्या का निराकरण होगा अन्यथा बारिश के दौरान फिर सभी को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा दिक्कत वार्ड 18 एवं 19 में आती है इसलिए इन क्षेत्रों के लिए विशेष व्यवस्था कर कार्य करें अन्यथा सभी को परेशानी होगी। बैठक में विधायक साहब सिंह गुर्जर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि तत्काल नालों की सफाई करें अन्यथा हबीबपुर, जारगा अकबरपुर, शंकरपुर सहित अन्य कई क्षेत्रों में जलभराव की समस्या होती है तो संबंधित इंजीनियर की जिम्मेदारी होगी। उन्होंने कहा कि जहां भी नाला निर्माण होना है तत्काल निर्माण करें और जहां नाले की सफाई मशीन द्वारा की जानी है वहां तत्काल सफाई कराए। बैठक में मेयर इन काउंसिल के सदस्य अवधेश कौरव, निगम आयुक्त संघ प्रिय, अपर आयुक्त टी प्रतीक राव, प्रदीप सिंह तोमर, मुनीश सिंह सिकरवार सहित अन्य सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।