ग्वालियर । शहर के आसपास स्थित पहाड़ियों को हरा-भरा करने के साथ-साथ नागरिकों के लिये पर्यटन के रूप में विकसित करने का कार्य किया जा रहा है। इस कड़ी में वन विभाग द्वारा दो पहाड़ियों और नगर निगम द्वारा दो पहाड़ियों को चिन्हित कर उसके विकसति करने की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इन पहाड़ियों को हरा-भरा करने के साथ-साथ पर्यटन की दृष्टि से भी विकसित किया जायेगा। माननीय उच्च न्यायालय खण्डपीठ ग्वालियर द्वारा एक जनहित याचिका के संबंध में दिए गए निर्देश के पालन में गठित कमेटी की बैठक में लिए गए निर्णयों के परिपालन में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान की अध्यक्षता में शनिवार को आयोजित बैठक में यह जानकारी दी गई है। बैठक में शहर के आसपास की सभी पहाड़ियों को चिन्हित करने के निर्देश भी नगर निगम, वन विभाग एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को दिए गए हैं।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने कहा है कि ग्वालियर शहर के आसपास स्थित सभी पहाड़ियों को चिन्हित करने कार्य किया जाए। इसके लिये वन विभाग अपने विभाग से संबंधित पहाड़ियों को, राजस्व विभाग अपने विभाग से संबंधित पहाड़ियों को चिन्हित करने का कार्य करें। इसके साथ ही नगर निगम भी नगरीय क्षेत्र में स्थित पहाड़ियों पर वृहद वृक्षारोपण के लिये चिन्हांकन का काम करें। उन्होंने कहा कि इन पहाड़ियों को न केवल हरा-भरा बनाया जाए बल्कि नागरिकों के लिये पर्यटन के हित में भी विकसित किया जाए। कलेक्टर श्रीमती चौहान ने खनिज विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि पहाड़ियों पर अवैध उत्खनन एवं परिवहन न हो यह सुनिश्चित किया जाए। कहीं पर भी अवैध उत्खनन की जानकारी मिलती है तो उसके विरूद्ध दण्डात्मक कार्रवाई की जाए। वन मण्डलाधिकारी मुकेश पटेल ने बताया कि वन विभाग के माध्यम से कैंसर पहाड़ी एवं गुप्तेश्वर पहाड़ी का चयन कर उसकी विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है। निगम आयुक्त संघ प्रिय द्वारा बताया गया कि नगर निगम के माध्यम से मानपुर पहाड़ी एवं कैप्टन हिल का चयन कर कार्ययोजना तैयार की जा रही है। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने बैठक में सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे इस अभियान में अपने विभाग से संबंधित सभी दायित्वों का समय-सीमा में पालन सुनिश्चित कराएं। बैठक में एडीएम सीबी प्रसाद, डॉ. धर्मेन्द्र रिछारिया, एसडीएम अतुल सिंह, नरेन्द्र बाबू यादव, प्रदीप शर्मा, अपर आयुक्त नगर निगम प्रदीप तोमर सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।