sandhyadesh

अचलेश्वर मंदिर की प्याऊ को तोड़कर दुकानें बनाने पर भक्तों में आक्रोष, चाहते हैं हाईटेक प्याऊ

बाबा के भक्तों ने रिसीवर न्यायमूर्ति श्री मोदी को ज्ञापन देकर रखी अपनी बात, दिए सुझाव
ग्वालियर। लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र प्राचीन एतिहासिक श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर में स्थित सार्वजनिक प्याऊ को तोड़कर यहां दुकानें बनाने की योजना से बाबा के हजारों भक्तगण बेहद नाराज हैं। भक्तगण यहां नई दुकानों के बजाए हाईटेक प्याऊ का निर्माण चाहते हैं। भक्तों का यह भी कहना है कि प्याऊ जीर्णोद्धार के लिए बृजवासी परिवार द्वारा भेंट की गई 1.51 लाख रुपए की दानराशि का उचित सदुपयोग किया जाए एवं इस धनराशि को निरर्थक निर्माण कार्यों के नाम पर खुर्दबुर्द न किया जाए।
   श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर से विगत कई वर्षों से जुड़े बृजवासी परिवार, मोर बाजार के प्रतिनिधि श्याम ब्रजवासी सहित बाबा के सैकड़ों भक्तों ने श्री अचलेश्वर मंदिर न्यास के रिसीवर न्यायमूर्ति  निशीथ कुमार मोदी को ज्ञापन पत्र भेंटकर स्पष्ट कहा है कि वे मंदिर परिसर में स्थित कई दशकों पुरानी सार्वजनिक प्याऊ को तोड़कर इसकी जगह नई दुकानें बनाने की योजना से पूर्णतः असहमत हैं। भक्तों ने इस बात पर गहन खेद एवं निराशा जताई कि ग्वालियर में धार्मिक कार्यों में बढ़चढकर सहयोग देने वाले बृजवासी परिवार, मोर बाजार ने अचलेश्वर मंदिर परिसर में प्याऊ जीर्णोद्धार के लिए 1.51 लाख रुपए की जो दानराशि बाबा के चरणों में समर्पित की थी, उसका सदुपयोग नहीं किया जा रहा है। उल्लेखनीय बात यह है कि इस प्याऊ का निर्माण ग्वालियर के सुप्रतिष्ठित वरिष्ठ समाजसेवी स्व. श्री भरत ब्रजवासी जी ने ही कराया था। इस अभियान को अब श्री श्याम ब्रजवासी आगे बढ़ा रहे हैं। बाबा के भक्तों का सपना यहां हाईटेक प्याऊ का निर्माण कराना था और इस सपने को पूर्ण करने के लिए बृजवासी परिवार ने प्रेरक और आर्थिक माध्यम बनने का प्रयास किया था लेकिन निराशाजनक पहलू यह है कि मंदिर प्रबंधन द्वारा श्याम ब्रजवासी से प्राप्त डेढ़ लाख रुपए की दानराशि का लक्षित उद्देश्य के लिए उपयोग न करते हुए न तो इस सार्वजनिक प्याऊ का जीर्णोद्धार किया जा रहा है और न ही यहां हाईटेक प्याऊ बनाई जा रही है। पैसे को ठिकाने लगाने के लिए यहां नई दुकानों का निर्माण शुरू कर दिया गया है जो सर्वथा अनुचित एवं अचलेश्वर बाबा के भक्तों की पावन भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कदम है।
   श्री अचलेश्वर महादेव बाबा के भक्तों ने मंदिर रिसीवर न्यायमूर्ति श्री मोदी से आग्रह किया है कि लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र प्राचीन श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर में स्थित सार्वजनिक प्याऊ को तोड़कर यहां दुकानें बनाने की योजना का क्रियान्वयन रोका जाए, पुरानी प्याऊ की जगह अत्याधुनिक हाईटेक प्याऊ का निर्माण कराया जाए एवं प्याऊ जीर्णोद्धार के लिए बृजवासी परिवार द्वारा भेंट की गई 1.51 लाख रुपए की दानराशि का उचित सदुपयोग किया जाए।
  श्री श्याम ब्रजवासी एवं बाबा के अन्य भक्तों ने मंदिर रिसीवर से यह भी आग्रह किया है कि मंदिर परिसर में व्याप्त कतिपय अव्यवस्थाओं, भक्तों की आकांक्षाओं, मांगों एवं शहर की आबादी बढ़ने के साथ ही मंदिर पर उमड़ने वाली भक्तों की भीड़ की सुरक्षा के लिए सभी संभव आवश्यक कदम उठाकर भक्तों को राहत प्रदान करें एवं मंदिर परिसर के माहौल को व्यवधानरहित बनाएं।                       

posted by Admin
36

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->