sandhyadesh

डॉ. भीमराव अंबेडकर पॉलीटेक्निक कॉलेज में बनेगा 100 बिस्तर का छात्रावास

- कॉलेज के संचालक मंडल की बैठक सम्पन्न
ग्वालियर।  डॉ. भीमराव अम्बेडकर पॉलीटेक्निक कॉलेज में 100 बिस्तर का छात्रावास 01 करोड 84 लाख रुपए की लागत से निर्मित किया जा रहा है। इस छात्रावास के लिये राज्य शासन द्वारा पॉलीटेक्निक कॉलेज को स्वीकृति एवं राशि प्रदान की है। इसका निर्माण पीआईयू सेल द्वारा किया जा रहा है। छात्रावास का निर्माण कार्य तत्परता से और गुणवत्ता के साथ करने के निर्देश कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने दिए हैं। इसके साथ ही पॉलीटेक्निक कॉलेज के छात्रों के कौशल विकास पर भी विशेष जोर देने के निर्देश दिए हैं। 
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान की अध्यक्षता में बुधवार को डॉ. भीमराव अम्बेडकर पॉलीटेक्निक कॉलेज के सभाकक्ष मे संचालक मंडल की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कॉलेज के विकास से संबंधित कई निर्णय लिये गए। इसके साथ ही छात्रों के कौशल विकास के संबंध में भी सार्थक प्रयास करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने बैठक में गत संचालक मंडल की बैठक में लिए गए निर्णयों के परिपालन में किए गए कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। साथ ही संचालक मंडल में रखे गए विभिन्न प्रस्तावों पर स्वीकृति भी प्रदान की। इनमें भवन निर्माण, मरम्मत, उपकरणों का क्रय, उन्नयन, स्मार्ट क्लासरूम, लायब्रेरी एवं फर्नीचर क्रय हेतु राशि की स्वीकृति के साथ ही कॉलेज के रख-रखाव के संबंध में रखे गए प्रस्तावों पर सहमति प्रदान की। 
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने कहा है कि महाविद्यालय में सभी को शुद्ध पानी उपलब्ध हो, इसके लिये आरओ सिस्टम और वाटर कूलर लगाने का कार्य तत्परता से किया जाए। कॉलेज का दल बनाकर जिले में ऐसे विद्यालय जहां 10वी के बच्चे अध्ययनरत हैं वहां पर कॉलेज में संचालित पाठ्यक्रमों और सुविधाओं के संबंध में शिक्षा विभाग से समन्वय स्थापित कर जानकारी प्रदान की जाए। कॉलेज में संचालित होटल मैनेजमेंट के छात्रों को बाहर के होटलों एवं अन्य संस्थाओं के विशेषज्ञों को बुलाकर प्रशिक्षण दिलाने की व्यवस्था की जाए। छात्र-छात्राओं को एआई के संबंध में जानकारी उपलब्ध हो, उसकी व्यवस्था भी की जाए। बैठक में संस्था के प्राचार्य अजय कुमार जैन ने कॉलेज में संचालित पाठ्यक्रमों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। 
बैठक में संचालक उच्च शिक्षा डॉ. वीरेन्द्र कुमार, कॉलेज के प्राचार्य अजय कुमार जैन, प्रो. प्रतीक मानके, व्याख्याता आरके जैन, व्खाख्याता डॉ. बिंदु खरे, व्याख्याता डॉ. अमित धवन, व्याख्याता मदनलाल शर्मा के साथ ही डॉ. ए के सराठे, डॉ. सौरभ खरे उपस्थित थे। 

posted by Admin
28

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->