स्वच्छ सर्वेक्षण की अधिकारी सभी तैयारियां शीघ्र पूर्ण करेंः अपर आयुक्त राव
ग्वालियर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 को लेकर नगर निगम प्रशासन ने तैयारियों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव ने सभी संबंधित अधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों, स्वास्थ्य विभाग के अमले एवं आईईसी टीम को निर्देशित किया है कि वे अपनी सभी तैयारियां शीघ्र पूर्ण करें, क्योंकि सर्वेक्षण टीम आगामी दिनों में कभी भी शहर का दौरा कर सकती है।
बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण से जुड़े सभी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सीटीपीटी, वॉल पेंटिंग, बैक लेन सुधार, ब्रांडिंग सहित अन्य आवश्यक कार्यों को तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर आयुक्त ने सभी क्षेत्राधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सामुदायिक एवं सार्वजनिक शौचालयों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी प्रकार की कमी पाई जाती है तो उसे सात दिवस के भीतर पूर्ण किया जाए। साथ ही सहायक स्वास्थ्य अधिकारियों को भी नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा गया।इसके अलावा, शहर की गलियों और प्रमुख दीवारों पर वॉल पेंटिंग का कार्य कराने के निर्देश दिए। आईईसी टीम द्वारा किए गए सर्वे के आधार पर क्षेत्राधिकारी इस कार्य को पूर्ण कराएं। टीम के सदस्यों को डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों के साथ जाकर नागरिकों को कचरा पृथक्करण के लिए जागरूक करने एवं आवश्यक जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में क्षेत्र क्रमांक 11 के क्षेत्राधिकारी कपिल पटेल के बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। बैठक में उपायुक्त एसबीएम मुकेश बंसल, सहायक नोडल अधिकारी शैलेंद्र सक्सेना, नोडल अधिकारी कार्यशाला पुष्पेंद्र श्रीवास्तव, मुख्य स्वच्छता अधिकारी डॉ. वैभव श्रीवास्तव उपस्थित रहे।