लिटिल सीईओ ऑफ ग्वालियर ग्रैंड फिनाले 2026 का आयोजन 21 अप्रैल को
ग्वालियर । ग्वालियर स्मार्ट सिटी के तत्वाधान में ग्वालियर स्मार्ट सिटी इन्क्यूबेशन सेंटर इन्क्यूब द्वारा “लिटिल सीईओ ऑफ ग्वालियर ग्रैंड फिनाले 2026” का आयोजन 21 अप्रैल को बाल भवन में सुबह 10 बजे से किया जाएगा। यह आयोजन निगमायुक्त संघ प्रिय के मार्गदर्शन और उनके मुख्य आतिथ्य में आयोजित होगा। शहर में छात्र उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस पहल के अंतर्गत 10 से अधिक विद्यालयों में बूटकैंप आयोजित किए गए थे, जिनमें विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी की थी। इन बूटकैंप्स के माध्यम से 50 से अधिक नवाचारी व्यावसायिक विचार सामने आए, जो विद्यार्थियों की रचनात्मकता और व्यावसायिक समझ को दर्शाते हैं। इनमें से चयनित 15 आइडिया आज अंतिम चरण में अपने-अपने व्यावसायिक विचार प्रस्तुत करेंगे। इन प्रस्तुतियों का मूल्यांकन 5 सदस्यीय विशेषज्ञ निर्णायक मंडल द्वारा किया जाएगा, जिसमें अश्विनी सेठ, प्रो. के.एन. झा, सूश्री साधना श्रीवास्तव, शुभम सिंह तथा डॉ. तारिका सिंह सिकरवार शामिल हैं। निर्णायक मंडल द्वारा नवाचार, व्यवहारिकता एवं प्रस्तुति को प्रमुख आधार बनाया जाएगा। प्रतियोगिता के अंत में सर्वश्रेष्ठ 3 प्रतिभागियों को “लिटिल सीईओ ऑफ ग्वालियर” के रूप में सम्मानित किया जाएगा। यह आयोजन विद्यार्थियों को न केवल एक मंच प्रदान करता है, बल्कि उन्हें भविष्य के सफल उद्यमी बनने की दिशा में प्रेरित करते हुए ग्वालियर को नवाचार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने का कार्य करेगा।