स्वच्छता का संकल्प लोगों को प्रेरणा दे रहा हैः पूर्व सांसद शेजवलकर
- आम नागरिक कचरा निगम के वाहनों में ही डालेः निगमायुक्त
ग्वालियर। स्वच्छता का संकल्प आज देश के घर-घर में लोगों को प्रेरणा दे रहा है और हमारे देश के कई शहरों की पहचान अब स्वच्छता के रूप में दुनिया में होने लगी है। यह बात पूर्व सांसद विवेक नारायण शेजवलकर ने बुधवार को महाराज बाड़े पर आयोजित स्वच्छता संवाद में कहीं।
श्री शेजवलकर ने कहा कि हम सभी का दायित्व है कि स्वच्छता के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें और स्वयं के साथ ही दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करें। क्षेत्रीय पार्षद अनिल सांखला ने क्षेत्र के नागरिकों एवं व्यापारियों से आग्रह किया है कि वह भी स्वच्छता के इस पुनीत कार्य में नगर निगम का सहयोग करें और ग्वालियर को स्वच्छ शहर बनाने के लिए सभी सहभागी बने। चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष डॉ प्रवीण अग्रवाल ने नगर निगम प्रशासन एवं शहर के नागरिकों को भरोसा दिलाया कि शहर के सभी व्यापारी स्वच्छता के लिए संकल्प बढ़ाया हैं और नगर निगम के साथ लगातार सहयोग प्रदान कर स्वच्छता के क्षेत्र में अनेक कार्य कर रहे हैं।
इस दौरान निगम आयुक्त संघ प्रिय ने स्वच्छता के क्षेत्र में नगर निगम ग्वालियर द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी दी तथा शहर से निकलने वाले प्रतिदिन लगभग 600 टन कचरा को किस प्रकार संग्रहित किया जाता है और फिर लैंडफिल साइट पर जाकर कचरे का निष्पादन किया जाता है। इसको लेकर लोगों को जानकारी दी तथा नागरिकों से यह भी आग्रह किया कि अभी भी 100 से 150 टन कचरा प्रतिदिन नगर निगम के डोर टू डोर वाहनों में ना जाकर सड़कों पर जाता है आम नागरिक इतने संकल्पित हो कि यह कचरा भी निगम के वाहनों में ही डालें। इस मौके पर अपर आयुक्त टी प्रतीक राव, नेवल ऑफीसर श्रीमती ऋतु सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, व्यापारी एवं विभिन्न सामाजिक व व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।