निगमायुक्त पहुंचे क्षेत्रीय कार्यालय, अधिकारियों को हाजिरी सार्थक ऐप से लगाने के लिये कहा
ग्वालियर। गुरूवार को निगम आयुक्त संघ प्रिय क्षेत्रीय कार्यालय क्रमांक 14 औचक निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सार्थक ऐप से हाजिरी लगाने के लिये कहा। साथ ही क्षेत्रीय कार्यालय पर आवक जावक रजिस्टर भी चैक किया।
निगम आयुक्त संघ प्रिय ने गुरूवार को क्षेत्रीय कार्यालय क्रमांक 14 का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने कर्मचारियों की सार्थक ऐप से हाजिरी चैक कर निर्देशित किया प्रतिदिन समय पर सभी को सार्थक ऐप पर अटेंडेंस लगानी है। साथ ही क्षेत्रीय कार्यालय पर आवक जावक रजिस्टर को चैक किया तथा निर्देशित किया कार्यालय में आने एवं जाने वाले सभी पत्रों का आवक जावक में एन्ट्री होना चाहिए। इसके बाद निगमायुक्त वार्ड 29 में पहुंचे और यहां निरीक्षण के दौरान कई जगह खाली जगह पर कचड़े एवं गोबर के ढेर पाए गए तथा नालिया चौक मिलने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने वार्ड में साफ सफाई नहीं मिलने पर संबंधित डब्ल्यूएचओ की एक वेतन वृद्धि रोकने हेतु कारण बताओ नोटिस जारी किया। निगमायुक्त प्रिय ने निरीक्षण के दौरान पीएम आवास के बाहर स्थानीय नागरिकों की समस्याओं को भी सुना। इसके साथ ही सिरोल चौराहे से हाइवे से जुड़ने वाली हाल ही में कायाकल्प योजना से बनाई गई रोड का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद गिर्राज कंषाना, कार्यपालन यंत्रीएपीएस जादौन, सहायक यंत्री वीरेंद्र शाक्य, भवन अधिकारी राकेश कश्यप, प्रभारी उपयंत्री सुशील साहू, क्षेत्रीय अधिकारी सुश्री तनुजा वर्मा उपस्थित थे।