अपर आयुक्त ने सुनी आमजन की समस्याएं
ग्वालियर। आमजनों की विभिन्न मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए जनसुनवाई आयोजित की गई। जिसमें नगर निगम में अपर आयुक्त प्रदीप सिंह तोमर एवं मुनीष सिकरवार ने आमजनों की समस्याएं सुनकर उनके निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जनसुनवाई के दौरान अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। सिटीसेंटर स्थित निगम मुख्यालय में आयोजित जनसुनवाई में लाल टिपारा क्षेत्र के निवासियों द्वारा की गई शिकायत में बताया गया है कि ग्रामीणों द्वारा भैंसों का गोबर स्कूल परिसर में डाला जा रहा है, जिसके कारण स्कूल में गंदगी रहती है, साथ ही बाउण्ड्रीवाल भी टूट गई है। साथ ही विधालय के मार्ग में गोबर डाल दिए जाने के कारण विधालय में पढने के लिए आने वाले छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड रहा है। इसके साथ ही वार्ड 61 वैष्णो धाम कॉलोनी न्यू सिरोल थाने के सामने के निवासी गणों ने सचिन तेन्दुलकर मार्ग न्यू सिरोल थाना फूटी कॉलोनी से आगे वैष्णो धाम कॉलोनी में मैन रोड पर किये जा रहे अवैध निर्माण को हटवाये जाने के संबंध में, वार्ड 6 प्रजापति मोहल्ला जहांगीर कटरा निवासी जगदीश प्रजापति ने आवेदन देकर शासकीय भूमि पर किये जा रहे अवैध निर्माण को हटाये जाने के संबंध में, वार्ड 19 महावीर नगर निवासी विजेन्द्र सिंह ने आवेदन देकर बताया कि महावीर नगर लोधी चौक पर काफी दिनों से सीवर सडक पर बह रहा है, आवेदक ने सीवर सफाई कराये जाने के संबंध में अपना आवेदन अपर आयुक्त को दिया। इसके साथ ही विभिन्न समस्याओं से संबंधित 39 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनके निराकरण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश अपर आयुक्त ने दिए।