किसी भी निजी स्कूल का वाहन अधिग्रहित नहीं होगा, पढ़ाई रहेगी सुचारू
ग्वालियर। जिले के ग्राम कुलैथ में 13 नवम्बर को आयोजित होने जा रहे किसान सम्मेलन सह पशु मेले में हितग्राहियों के आवागमन के लिए पर्याप्त संख्या में वाहन उपलब्ध हैं। इसलिए जिले के किसी भी निजी विद्यालय का वाहन अधिग्रहित नहीं किया जाएगा। सभी स्कूलों में आम दिनों की तरह पढ़ाई सुचारू रूप से संचालित होगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों की पढ़ाई और शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित न हों, इसका पूरा ध्यान रखा गया है।
निजी विद्यालयों के वाहनों के अधिग्रहण के संबंध में जारी किए गए त्रुटिपूर्ण आदेशों को कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है। अपर जिला दण्डाधिकारी श्रीसी.बी. प्रसाद ने इस संबंध में आदेश जारी कर पूर्व में जारी आदेशों को निरस्त कर दिया है। कलेक्टर श्रीमती चौहान ने निजी स्कूलों के वाहन अधिग्रहण से संबंधित त्रुटिपूर्ण आदेश जारी होने के मामले को गंभीरता से लिया है। जिला प्रशासन के संज्ञान में आया था कि वाहन अधिग्रहण संबंधी आदेश के प्रारूप के आधार पर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी द्वारा निजी विद्यालयों के वाहनों के अधिग्रहण के आदेश जारी कर दिए गए थे। कलेक्टर ने त्रुटिपूर्ण आदेशों की वजह से भ्रम की स्थिति निर्मित होने के लिये संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर अपर जिला दण्डाधिकारी एवं क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 13 नवम्बर को जिले के सभी निजी एवं अन्य विद्यालयों में नियमित रूप से कक्षाएं संचालित होंगी। किसी भी स्कूल का वाहन अधिग्रहित नहीं किया जाएगा।