श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर पर अन्नकूट 16 को, पैकिंग प्रसादी घर ले जा सकेंगे श्रद्धालु
ग्वालियर। शहर के प्रमुख आस्था केन्द्र श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर पर मंदिर न्यास द्वारा 16 नवंबर सोमवार को दीप महोत्सव एवं विशाल महाअन्नकूट का आयोजन किया जा रहा है। मंदिर न्यास ने इस बार लगभग 25000 श्रद्धालुओं के लिए अन्नकूट प्रसादी की व्यवस्था की है।
इस बार विशेष व्यवस्था के तहत पैकिंग प्रसादी भी रहेगी। श्रद्धालु परिवार के लिए घर ले जाने हेतु नटराज सभागृह, श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर से 100 रुपये दान राशि का कूपन लेकर पैकिंग प्रसादी प्राप्त कर सकेंगे। श्री अचलनाथ भगवान को भोग लगने के बाद शाम 5 बजे से अन्नकूट प्रसादी का वितरण प्रारंभ हो जाएगा। मंदिर न्यास के सभी 3800 सदस्यों के लिए अन्नकूट प्रसादी की व्यवस्था जीवायएमसी क्लब मैदान, मंदिर के पास की गई है।
इस संबंध में गुरुवार को मंदिर पर बैठक आयोजित की गई। बैठक में न्यासी महेश मुद्गल, राजेश ऐरन, अध्यक्ष नवीन गर्ग, उपाध्यक्ष राजकुमार माहेश्वरी, सचिव कृष्ण बिहारी गोयल, कोषाध्यक्ष रामकुमार गोयल, मार्गदर्शक व्यवस्था सचिव प्रदीप कुमार बंसल, सूचना सचिव निशांत सिंघल आदि उपस्थित रहे। मंदिर न्यास ने अपील की है कि जो भी भक्तगण महाअन्नकूट के लिए दान अथवा खाद्य सामग्री के रूप में सहयोग करना चाहते हैं, वे श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर पर संपर्क कर सकते हैं।