पीसीसी चीफ पटवारी ने की कलेक्टर और एसपी को हटाने की मांग

- मामला शीतला माता मंदिर के पास हुई 16 लोगों की मौत की घटना का 
ग्वालियर। शीतला माता मंदिर घटना में 16 लोगों की मौत के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कलेक्टर और एसपी को हटाने की मांग की है। बुधवार को ग्वालियर पहुंचे पटवारी ने हादसे में घायल लोगों और मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि अधिकारियों का निलंबन और लाइन अटैच करना जनता को गुमराह करने का तरीका बन गया है। इतनी बड़ी घटना के बाद केवल जांच का भरोसा देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।
शीतला माता मंदिर के पास हुई घटना के बाद बुधवार को ग्वालियर पहुंचे पीसीसी चीफ पटवारी ने कहा कि मध्यप्रदेश में लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए ऐसा लगता है कि मोहन यादव सरकार सामूहिक हत्याकांडों में महारत हासिल कर चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक लापरवाही के कारण लोगों की जान जा रही है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर केवल औपचारिकताएं की जा रही हैं। पटवारी ने हादसे की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस रास्ते पर साइकिल तक नहीं जा सकती, वहां दो-दो भारी ट्रक कैसे पहुंच गए? उन्होंने आरोप लगाया कि हादसे के बाद घायलों को समय पर एंबुलेंस और चिकित्सा सहायता नहीं मिली। कुछ घायलों को चार से पांच घंटे तक खून बहने की स्थिति में मदद का इंतजार करना पड़ा।  
उन्होंने जहरीले कफ सिरप से बच्चों की मौत, जहरीली शराब से हुई मौतों और इंदौर में दूषित पानी से लोगों की जान जाने की घटनाओं का जिक्र करते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इन मामलों में अधिकारियों को निलंबित या लाइन अटैच किया गया, लेकिन बाद में उन्हें दूसरी जिम्मेदारियां दे दी गईं। पटवारी ने कहा कि कांग्रेस शीतला माता मंदिर हादसे के पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए आवाज उठाएगी। सरकार की जिम्मेदारी केवल संवेदना जताना नहीं, बल्कि लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करना भी है। इस दौरान राज्यसभा सांसद अशोक सिंह, शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव, ग्रामीण जिला अध्यक्ष प्रभुदयाल जौहरे, विधायक साहब सिंह गुर्जर, प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा, प्रवीण पाठक उपस्थित थे। 

posted by Admin
50

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->