तेरहवीं के रसगुल्ले खाकर उल्टी दस्त का शिकार हुए सैकड़ों ग्रामीण
- दतिया के उड़ीना गांव में आयोजित कार्यक्रम में
ग्वालियर। त्रयोदशी में बनाए गए रसगुल्ले ने सैकड़ों लोगों की तबियत खराब कर दी। मामला दतिया जिले के भांडेर तहसील के उड़ीना गांव का बताया गया है। बीमार लोगों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कलेक्टर स्वप्निल वानखेडे ने बताया कि दूषित खाना खाने से बीमार हुए लोगों का अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को उड़ीना गांव निवासी तिलक सिंह यादव के बुजुर्ग पिता एदल सिंह पटेल का बीमारी के चलते निधन हो गया। 15 अक्टूबर को उनके निधन के बाद त्रयोदशी का कार्यक्रम आयोजित किया। त्रयोदशी भोज में बनाए गए रसगुल्ले में दूषित खोवा प्रयुक्त किया गया था। इन्हें खाने के बाद लोगों की तबियत बिगड़ गई। घटना की सूचना जैसे ही मिली स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर जा पहुंची। शिविर लगाकर बीमारलोगों का उपचार किया गया. कुछ मरीजों को जिला अस्पताल, इंदरगढ़ और भांडेर के अस्पतालो में भर्ती कराया गया। बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
भांडेर बीएमओ डा. जयंत यादव ने बताया कि ग्रामीणों को पेटदर्द, उल्टी की शिकायत थी। इस पर शिविर लगाकर सभी का उपचार किया गया। जांच के दौरान कोई गंभीर लक्षण नहीं पाए गए।