जेके टायर बानमोर में सम्पन्न हुई विज़न ज़ीरो कार्यशाला
बानमोर | नोएडा स्थित इंडो-जर्मन कोऑपरेशन फॉर सेफ्टी, हेल्थ एंड वेलबीइंग (IGC-SHW) ने डीजीयूवी जर्मनी और इंटरनेशनल सोशल सिक्योरिटी एसोसिएशन (ISSA) के सहयोग से विज़न ज़ीरो कार्यशाला का आयोजन जे के टायर एण्ड इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड, बानमोर में किया। कार्यशाला का उद्देश्य विश्व भर में विज़न ज़ीरो प्रणाली को अपनाकर सुरक्षित और दुर्घटना रहित कार्यस्थल बनाना था। यह पहल इस दिशा में केंद्रित रही कि भोपाल गैस त्रासदी जैसी घटनाएं दोबारा न हों और “शून्य दुर्घटना, शून्य व्यावसायिक रोग एवं सम्पूर्ण खुशहाली” का लक्ष्य प्राप्त किया जा सके।
कार्यशाला में करुणेश श्रीवास्तव पूर्व सहायक निदेशक, डी जी फासली, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार एवं वर्तमान निदेशक, विज़न ज़ीरो रेटिंग सिस्टम भारत ने विज़न ज़ीरो अवधारणा का इतिहास प्रस्तुत किया।उन्होंने शिक्षा और जन-जागरूकता अभियानों के माध्यम से सुरक्षित व्यवहार को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता बताई। इसके साथ ही उन्होंने विज़न ज़ीरो के सात स्वर्णिम नियमों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही कार्यस्थलों को वास्तव में सुरक्षित और दुर्घटनामुक्त बनाया जा सकता है। राजेश पाण्डेय, संकाय सदस्य ने कार्यशाला में कार्यस्थल पर दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु समग्र दृष्टिकोण अपनाने, सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों और अध्ययन मामलों को साझा करने तथा सुरक्षित कार्य वातावरण हेतु व्यवहारिक उपकरणों पर चर्चा की। इस अवसर पर 40 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें जे के टायर एवं अन्य सहयोगी इकाइयाँ शामिल थीं। कार्यशाला की सफलता में जे के टायर एण्ड इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड, बानमोर संयंत्र के शांतनु कुमार सतपथी (संयंत्र प्रमुख), धीरज शर्मा (एच आर प्रमुख), एस.के.भार्गव (वाणिज्य प्रमुख), सुरेन्द्र बघेल, प्रबंधक (सुरक्षा) का विशेष योगदान रहा।