निगम के पार्क उजाड़, जिम, खेल उपकरण खराब
- वार्ड 60 व 29 के पार्कों की देखरेख को तैनात कर्मी आते नहीं
ग्वालियर। प्रकाश पर्व नजदीक आ रहा है। ऐसे में नगर निगम जहां शहर के इलाकों की सफाई तक करा नहीं पा रहा है वहीं वार्डों में मौजूद पार्क भी दुर्दशा के नजारे दिखा रहे हैं। इन पार्कों की स्थिति अब दिनोंदिन खराब होती जा रही है। इनमें लगे झूले, ओपन जिम तक टूट गई हैं जिनकी मरम्मत तक नहीं हो रही है।
वार्ड 60 के अंतर्गत आने वाले सारिका नगर, यमुना नगर क्षेत्र के पार्क वार्ड के अधिकारियों की अनदेखी के चलते दिनोंदिन बदतर हो रहे हैं। इन दोनों पार्को से धीरे-धीरे हरियाली कम हो रही हैं। यहां लगे बच्चों के खेल उपकरण और ओपन जिम तक बर्बाद हो रहे हैं। दरअसल इन पार्कों की देखरेख का जिम्मा नगर निगम के पार्क विभाग का है। मगर यह विभाग इतना नकारा हो रहा है कि पार्कों की सुध तक नहीं ले रहा है।
वार्डों में उजाड़ हुए पार्क
इसी तरह वार्ड 29 के अंतर्गत आने वाले न्यू दर्पण कालोनी व जनता क्वार्टर के नजदीक बने पार्क को भी लंबे समय से उजाड़ छोड़ दिया है। जनता क्वार्टर के पार्क में न तो गेट है। न ही कोई पानी का स्रोत है। यहां रहने वाले लोग भी इस पार्क को अपने शादी समारोह के लिए उपयोग में ला रहे हैं। वहीं न्यू दर्पण कालोनी के पास बने पार्क में भी हरियाली नदारद है। दर्पण कालोनी के दोनों पार्क न तो प्ले ग्राउंड है न ही पार्क। इन दोनों पार्कों की देखरेख न होने से यह पार्क लंबे अर्से से उजाड़ बने हुए है।
कर्मचारी अधिकारियों के घरों पर तैनात
मजेदार बात ये है कि नगर निगम को इन पार्को की देखरेख के लिए बाकायदा कर्मचारी तक मिले हुए हैं मगर ये कर्मचारी भी काम के लिए नहीं आते हैं। आलम ये है कि जब कभी वे आ भी जाते हैं तो अपनी मजबूरियां गिनाकर आगे बढ़ जाते हैं। हालात ये है कि इन पार्कों की तरह शहर के अन्य वार्डों में भी पार्क दुर्दशाग्रस्त होते जा रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि जिन कर्मियों को पार्क में तैनात होना था वे अधिकारियों के घरों में निजी कार्यो को अंजाम दे रहे हैं।