विश्व मानक दिवस के अवसर पर हितधारक सम्मेलन आयोजित
ग्वालियर। सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने शुक्रवार को भारतीय मानक ब्यूरो, नोएडा शाखा कार्यालय द्वारा विश्व मानक दिवस के अवसर पर आयोजित ‘हितधारक सम्मेलन’ एवं सतत विकास लक्ष्य-7 ‘किफायती और स्वच्छ ऊर्जा’ विषयक कार्यक्रम में सहभागिता कर उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित किया।
इस अवसर पर मानकों की गुणवत्ता, सतत विकास और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ ऊर्जा संरक्षण एवं जनहित में नवाचारों की महत्ता पर विचार साझा किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार पर्यावरण संरक्षण, अक्षय ऊर्जा को प्रोत्साहन देने तथा उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। गुणवत्ता मानकों का पालन देश के औद्योगिक विकास, उपभोक्ता हितों की सुरक्षा और सतत विकास के लक्ष्यों को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्र निर्माण में मानकीकरण के महत्व पर विचार साझा किए गए। साथ ही, इस दिशा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले हितधारकों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मध्य भारत खादी संघ के सचिव रमाकांत शर्मा, भारतीय मानक ब्यूरो की नोएडा शाखा के निदेशक कौशिक दत्ता सहित जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, जिला महामंत्री जवाहर प्रजापति, ग्वालियर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष अशोक शर्मा, नोएडा शाखा कार्यालय के निदेशक कौशिक दित्ता, समाजसेवी अशोक चौधरी, पूर्व पार्षद पुरुषोत्तम भार्गव, मनोज भार्गव उपस्थित रहे।