गांधी प्राणी उद्यान में धूमधाम से संपन्न हुआ वन्यप्राणी सप्ताह, प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मिले पुरस्कार
ग्वालियर । नगर निगम द्वारा संचालित गांधी प्राणी उद्यान में वन्यजीवों के संरक्षण एवं उनके प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 2 से 8 अक्टूबर तक श्वन्यप्राणी सप्ताहश् का भव्य आयोजन किया गया। सप्ताह भर चले इस आयोजन में शहर के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान बच्चों को वन्यजीवों के बारे में जागरूक करने और उनके प्रति फैली भ्रांतियों को दूर करने के लिए चिड़ियाघर का संपूर्ण भ्रमण कराया गया। इसके अलावा, छात्र-छात्राओं की प्रतिभा को निखारने के लिए चित्रकला, क्विज (प्रश्न मंच), निबंध, बर्ड वॉचिंग और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सप्ताह के समापन पर विजेताओं एवं प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण-पत्र तथा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम के अपर आयुक्त प्रदीप तोमर, मुनिष सिकरवार, प्रभारी चिड़ियाघर डॉ. उपेन्द्र सिंह यादव, चिड़ियाघर क्यूरेटर गौरव परिहार सहित कई गणमान्य नागरिक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।