शांति समिति की अपील: सभी त्यौहार शांति और सदभाव के साथ मनाए
ग्वालियर । ग्वालियर शहर सहित सम्पूर्ण जिले में सभी त्यौहार शांति, सदभाव एवं सामाजिक समरसता के साथ मनाए जायेंगे। जिला शांति समिति ने जिले के निवासियों से अपील की है कि जिले में शांति, सदभाव व सामाजिक समरसता का माहौल बना रहे। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन को समिति के सभी सदस्यों ने आश्वस्त किया है कि शांति और सदभाव के साथ सभी त्यौहार मनाए जायेंगे। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में जिला शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया।
शांति समिति की बैठक में आगामी दिनों में आयोजित होने वाले त्यौहारों के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। इनमें नवदुर्गा महोत्सव, दशहरा, धनतेरस, दिवाली, गोवर्धन पूजा, भाईदूज, गुरुनानक जयंती, क्रिसमस एवं नववर्ष के आयोजन के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। त्यौहारों के अवसर पर जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं नगर निगम को सभी आवश्यक व्यवस्थायें करने के संबंध में भी दिशा-निर्देश दिए गए। कलेक्टर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जिला शांति समिति के सदस्यों से आग्रह किया है कि सभी त्यौहारों पर शांति और सदभाव के साथ आयोजन हो, इसके लिये शांति समिति की ओर से भी नागरिकों से अपील की जाए। इसके साथ ही त्यौहारों के आयोजन के संबंध में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व स्तर से भी शांति समिति की बैठकें आयोजित की जायेंगीं। इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी, एडीएम सी बी प्रसाद सहित शांति समिति के सभी सदस्यगण और विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।