नशा मुक्ति के लिये सभी को सार्थक प्रयास करने की है जरूरत: मंत्री कुशवाह
- मद्य निषेध सप्ताह के समापन एवं दिव्यांगजन-वृद्धजन चिन्हांकन शिविर का हुआ आयोजन
ग्वालियर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की 157वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित “मद्य निषेध सप्ताह” का समापन समारोह एवं दिव्यांगजन तथा वृद्धजन (राष्ट्रीय वयोश्री योजना) चिन्हांकन शिविर श्री परमानंद सिंधी हिंदू धर्मशाला ट्रस्ट महाराज बाड़ा शासकीय गजरा राजा हायर सेकेंडरी स्कूल के पास में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन कल्याण एवं उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह उपस्थित रहे।
सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री नारायण सिहं कुशवाह ने कहा है कि नशा मनुष्य के जीवन और उसके परिवार को नष्ट करता है। युवा पीढ़ी को नशे से दूर करने के लिये मद्य निषेध सप्ताह का आयोजन किया गया है। प्रदेश सरकार द्वारा भी नशा मुक्ति के लिये विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जन जागरूकता के माध्यम से ही नशे से मुक्ति दिलाई जा सकती है। हम सबको नशा मुक्ति के लिये सार्थक प्रयास करने की आवश्यकता है। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने कहा है कि दिव्यांगजनों एवं वयोश्री लोगों के लिये चिन्हांकन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में चिन्हित हुए लोगों को शीघ्र ही एलिम्को के माध्यम से सहायक उपकरण एवं कृत्रिम अंग वितरित किए जायेंगे। मद्य निषेध सप्ताह के समापन अवसर पर वक्ताओं ने नशामुक्त समाज के निर्माण पर विशेष जोर देते हुए आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम का संचालन बी.के. प्रहलाद भाई द्वारा किया गया। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर कला पथक दल द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई।
कार्यक्रम में जगद्गुरु आनंदेश्वर महाराज, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, सामाजिक न्याय विभाग की ज्वाइंट डायरेक्टर श्रीमती शिवांगी अग्रवाल, सहायक संचालक सुमित रघुवंशी, वार्ड क्रमांक 50 के पार्षद अनिल सांखला, ब्रह्माकुमारी आश्रम से बी.के. ज्योति बहन, ओएसटी सेंटर से डॉ. रश्मि मिश्रा, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी श्रीमती पूर्वी अग्रवाल, आकाश वशिष्ठ, रवि पामबानी, रमन शिक्षा समिति के हरिओम गौतम, अहिंसा महिला बाल कल्याण समिति के दीपक श्रीवास्तव तथा कलाराम शिक्षा प्रचार समिति से श्रीमती बबीता सहित अन्य गणमान्य अतिथि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।