मंत्री कुशवाह ने नशा मुक्ति जनजागरण के लिए पोर्टेबल प्रदर्शनी का किया उद्घाटन
ग्वालियर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा तैयार की गई नशा मुक्ति की “पोर्टेबल प्रदर्शनी” का शुभारम्भ सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने किया। यह प्रदर्शनी सिंधी धर्मशाला में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा आयोजित नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत मद्य निषेध सप्ताह एवं सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज संस्थान की ओर से केन्द्र प्रमुख बीके आदर्श दीदी के निर्देशन में लगाई गई थी।
मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और ब्रह्माकुमारीज संस्थान द्वारा नशा मुक्ति के लिए किए जा रहे जनजागरण प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति के लिए जनजागरण आज समय की आवश्यकता है। इस प्रकार की पोर्टेबल प्रदर्शनी लोगों तक आसानी से पहुंचकर उन्हें नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने तथा नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। बीके प्रहलाद भाई ने बताया कि प्रदर्शनी में नशे के दुष्परिणामों, नशे से दूर रहने तथा नशा छोड़ने के उपायों को आकर्षक चित्रों एवं डिजिटल माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। शॉर्ट वीडियो फिल्मों के माध्यम से भी लोगों को नशामुक्त एवं स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया जा रहा है। पोर्टेबल होने के कारण इस प्रदर्शनी को विभिन्न स्थानों पर ले जाकर अधिक से अधिक लोगों तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाया जा सकेगा।
बीके ज्योति बहन ने बताया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि उसके परिवार, सामाजिक संबंधों और आर्थिक स्थिति पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। ऐसे में जनजागरण के साथ-साथ सकारात्मक सोच, आत्मबल और आध्यात्मिक शक्ति के माध्यम से लोगों को नशामुक्त जीवन की ओर प्रेरित करना आवश्यक है। कार्यक्रम में पार्षद अनिल सांखला, सामाजिक न्याय विभाग की संयुक्त संचालक श्रीमती शिवांगी अग्रवाल, ब्रह्माकुमारीज संस्थान से बीके ज्योति बहन, बीके प्रहलाद भाई, बीके राजेंद्र सिंह, बीके नमन मोदी, बीके गुप्ता, बीके रोशनी, बीके मनोज शर्मा, बीके ध्रुव, बीके अखिलेश इसके साथ ही सामाजिक न्याय विभाग से सुमित रघुवंशी, श्रीमती पूर्वी अग्रवाल एवं अन्य पदाधिकारी सहित सामाजिक संस्था से हरिओम गौतम, श्याम सुन्दर श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।