चेतना मंच: दशहरे में श्री राम कथा का मंचन 20 को शताब्दीपुरम् नवीन दशहरा मैदान में
पुरूषोत्तम सम्मान गोपाल दास लड्ढा को
ग्वालियर । चेतना मंच के तत्वाधान में शताब्दीपुरम् स्थित नवीन दशहरा मैदान में 22 वें विशाल दशहरा समारोह का आयोजन 20 अक्टूबर को किया जायेगा।इस वर्ष में कार्यक्रम में नगर के प्रतिष्ठित समाज सेवी गोपाल दास लड्ढा को वर्ष 2026 के पुरूषोत्तम सम्मान से सम्मानित किया जायेगा। इससे पूर्व 11 अक्टूबर को श्रीराम सनातन चेतना यात्रा का आयोजन किया जायेगा ।
चेतना मंच के अध्यक्ष दीपक तोमर एवं संरक्षक बृजेश यादव ने पत्रकारों से चर्चा में बताया कि नवीन दशहरा मैदान शताब्दीपुरम् में 22वें दशहरा समारोह में स्व. श्री महेश खण्डेलवाल जी की स्मृति में प्रदान किया जाने वाला “पुरूषोत्तम सम्मान” इस वर्ष महानगर के सुप्रसिद्ध समाज सेवी गोपाल दास लड्ढा को उनके दीर्घ कालीन सामाजिक कार्यो हेतु प्रदान किया जायेगा इसके उपरान्त श्रीराम कथा नामक संगीत नाटिका का मंचन किया जायेगा तदुपरान्त 65 फीट के रावण कुम्भकरण एवं मेघनाथ के पुतलों का दहन किया जायेगा। कार्यक्रम का समापन भव्य आतिशबाजी से होगा ।
“श्रीराम कथा” के निर्देशक बृज किशोर दीक्षित हैं, जिसमें 80 कलाकार इस मनमोहक संगीत नाटिका में रामायण के विभिन्न प्रसंगों पर प्रस्तुती देंगे। एक घण्टा तीस मिनट अवधि की इस श्रीराम कथा में राम जन्म, ताड़का वध, सीता स्वयंवर, अशोक वाटिका लंका दहन, राम रावण युद्ध एवं राम राज्याभिषेक मुख्य आकर्षण होगें। कार्यक्रम के अन्त में 65 फीट के रावण मेघनाथ एवं कुम्भकरण के विशाल पुतलों का दहन किया जायेगा तथा बहुत ही आकर्षक आतिशबाजी होगी।
चेतना मंच के संरक्षक हरी मोहन पुरोहित ने बताया कि दशहरे से पूर्व रविवार 11 अक्टूबर सांयकाल 03 बजे चेतना मंच द्वारा विशाल श्रीराम सनातन चेतना यात्रा का शुभारम्भ पुराने दशहरा मैदान, दीनदयाल नगर से नवीन दशहरा मैदान शताब्दीपुरम् तक किया जायेगा। यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं में सनातन संस्कृति की चेतना जागृत कर उन्हें भारतीय संस्कृति से जोड़ कर सदकर्मों की चेतना जागृत करना है। यात्रा का भव्य स्वागत दीनदयाल नगर शताब्दीपुरम् वासियों द्वारा अनेक स्थानों पर किया जायेगा ।
पत्रकार वार्ता में चेतना मंच के अध्यक्ष दीपक तोमर, बृजेश यादव, डॉ. हरीमोहन पुरोहित, बृज किशोर दीक्षित, डॉ. अरविन्द मित्तल, मूलचन्द रसैनिया, सुरेश वर्मा, पी.एस. कुशवाह, रामप्रकाश परमार, बालकृष्ण शर्मा, अभिषेक खण्डेलवाल, विकास अग्रवाल, सागर नाती, गिर्राज शर्मा, अशोक मिश्रा, जे.पी. पाण्डेय, अनिल शर्मा, श्रीमती रेखा तोमर रेखा त्रिपाठी (पार्षद), श्रीमती शालिनी गुप्ता, श्रीमती पूनम परिहार, लता सोनी, मंगला झा, सरिता शर्मा, पुखराज मीणा, संतोष गुप्ता, राजाराम पाल आदि उपस्थित रहे।