कैट मध्यप्रदेश टीम का शपथ ग्रहण समारोह 11 नवम्बर को भोपाल में
*- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि होंगे, कैट मध्यप्रदेश के प्रदेश स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से भेंट कर दिया आमंत्रण*
कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) मध्यप्रदेश के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र जैन अपनी नवीन टीम एवं 55 जिलों के जिलाध्यक्ष के साथ दायित्व ग्रहण समारोह भोपाल में आयोजित करेंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव होंगे। जैन ने बताया कि गत दिवस कैट मध्यप्रदेश का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री निवास पर डॉ. मोहन यादव से मिला और उन्हें व्यापारिक एवं औद्योगिक संवाद, नवीन टीम के दायित्व ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सादर आमंत्रित किया। इस अवसर पर उन्होंने भारतीय व्यापार महोत्सव का आयोजन भोपाल अथवा इन्दौर में करने का प्रस्ताव रखा, जिसे मुख्यमंत्री ने स्वीकार करते हुए अपनी स्वीकृति प्रदान करते हुए दायित्व ग्रहण समारोह भोपाल में 11 नवम्बर को आयोजित करने की बात कही। इसके साथ ही शीघ्र ही कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद श्री प्रवीन खंडेलवाल एवं आईटीपीओ भारत मंडपम नई दिल्ली के अधिकारियों के साथ मध्यप्रदेश शासन के अधिकारियों की बैठक करने की सहमति प्रदान की। इस अवसर पर डॉ. मोहन यादव ने कहा कि शीघ्र ही ग्वालियर एक 360 डिग्री विकास की संभावना वाला शहर बन रहा है। टेलीकॉम मेन्यूैक्चरिंग हब बनने के बाद इस क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी और रोजगार सृजन होगा। उन्होंने मध्यप्रदेश में सागर, उज्जैन, भोपाल, इन्दौर को विकसित करने का पूरा प्रारूप समझाया और व्यापारी एवं उद्योगपतियों को पूरी सक्रियता के साथ कार्य करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में ग्वालियर, भोपाल, उज्जैन, बैतूल, विदिशा, सागर, जबलपुर सहित मध्यप्रदेश के अन्य शहरों के व्यापारिक प्रतिनिधि शामिल थे। कैट के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र जैन, प्रदेश उपाध्यक्ष श्याम शुक्ला, ग्वालियर मीडिया प्रभारी हिमांशुु छापरिया, जी. एस. तोमर, प्रतिनिधिमंडल में शामिल थे।