16 ग्वालियर पूर्व विधानसभा के कार्यकर्ताओं का विशाल सम्मेलन 17 को
- प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी एवं पूर्व मंत्री शर्मा होंगे शामिल
ग्वालियर। 16 ग्वालियर पूर्व विधानसभा के समस्त कार्यकर्ताओं का विशाल सम्मेलन 17 अक्टूबर को रंगमहल गार्डन में आयोजित किया गया है। कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी एवं पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव करेंगे। वहीं महापौर डॉ. शोभा सतीश सिकरवार विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी। आयोजन की तैयारियों और रूपरेखा को लेकर ललितपुर कॉलोनी स्थित विधायक कार्यालय पर कार्यकर्ता सम्मेलन कार्यक्रम के संयोजक एवं विधायक डॉ. सतीश सिकरवार के नेतृत्व में बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी कार्यकर्ता सम्मेलन को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
विधायक डॉ. सिकरवार ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि 17 अक्टूबर को होने वाला यह कार्यकर्ता सम्मेलन संगठन की मजबूती और आगामी रणनीतियों पर विचार-विमर्श करने के उद्देश्य से बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आज जनता महंगाई, बेरोजगारी और प्रशासनिक अव्यवस्थाओं से त्रस्त है। ऐसे समय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का दायित्व और बढ़ जाता है कि वे जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएं और मजबूती से उनकी आवाज उठाएं। उन्होंने कहा कि 17 अक्टूबर का यह सम्मेलन ग्वालियर पूर्व विधानसभा में संगठन को नई ऊर्जा और गति प्रदान करेगा। बैठक में वरिष्ठ कांग्रेस नेता दुष्यंत साहनी, उत्तम सिंह कुशवाह, सीमा समाधिया, ब्लाॅक अध्यक्ष विनोद जैन, राजेश तोमर, श्रीमती रेखा जाटव, अनूप शिवहरे, संदीप यादव, पार्षद सुरेन्द्र साहू, पार्षद प्रमोद खरे, आई.टी. सेल जिलाध्यक्ष आदित्य सेंगर, चेम्बर ऑफ काॅमर्स के पूर्व उपाध्यक्ष डाॅ. राकेश अग्रवाल, सुधीर मण्डेलिया आदि सैकड़ो कार्यकर्ता मौजूद रहे।
‘‘वोट चोर गद्दी छोड़’’ रैली को सफल बनायेंः सतीश
शहर जिला एवं ग्रामीण कांग्रेस कमेटी ग्वालियर के तत्वावधान में इंडिया गठबंधन का विशाल संयुक्त पैदल मार्च 8 अक्टूबर को निकाला जाएगा। विधायक डाॅ. सतीश सिकरवार ने कहा कि ‘‘वोट चोर गद्दी छोड़’’ को लेकर होने वाली रैली में अधिक संख्या में शामिल होकर रैली को सफल बनायें। देश में भाजपा संविधान को खत्म करने की साजिश रच रही है। चुनाव आयोग के सहारे देश के लोकतंत्र को खतरे में डाल दिया है। आज देश की स्थिति यह है कि सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो चुकी है। कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष सांसद राहुल गांधी एवं महासचिव प्रियंका गांधी जो लड़ाई लड़ रहे है, इस लड़ाई में हम सबका दायित्व है कि पूरी ताकत के साथ अब सड़कों पर उतरे और राहुल गांधी जी को मजबूती प्रदान करें। इण्डिया गठबंधन की रैली अपरान्ह 3 बजे अचलेश्वर महादेव मंदिर से प्रारम्भ होगी। इसके पश्चात पैदल मार्च शहर के प्रमुख मार्गो से होते हुये फूलबाग स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष पहुंचकर संपन्न होगी।