जन-विश्वास शिविर मोहना में शिकायतें बदलीं राहत में, मौके पर मिला समाधान
ग्वालियर । सीएम हैल्पलाइन से आईं 380 शिकायतों का निराकरण तो 107 लोगों को आवासीय भूमि के मालिकाना हक के पट्टे । आधा दर्जन दिव्यांगजनों के मौके पर ही मेडीकल बोर्ड की अनुशांसा पर यूडीआईडी (दिव्यांगता प्रमाण-पत्र) तो आधार व आयुष्मान कार्ड भी बने। यहाँ बात हो रही है “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” के तहत शुक्रवार को मोहना में आयोजित हुए जिला स्तरीय जन-विश्वास शिविर की । सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह एवं विधायक मोहन सिंह राठौर की विशेष मौजूदगी में आयोजित हुए इस शिविर में उद्यमी संवाद, सोशल मीडिया इन्फ्लुयेंसर संवाद एवं मेधावी विद्यार्थियों के साथ संवाद भी हुआ। शिविर से पहले सभी विभागों के अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभाग से संबंधित शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया गया।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, वन मण्डलाधिकारी मुकेश पटेल एवं एसडीएम श्रीमती वंदना जैन सहित विभिन्न विभागों के जिला व खण्ड स्तरीय अधिकारियों ने समस्याओं का निराकरण किया। शिविर में लगभग 250 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से अधिकांश का मौके पर ही निराकरण किया गया। निराकरण से शेष रहे आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण हो सके, इसलिये सभी आवेदनों को सीएम हैल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज किया गया है। शिविर में नगर परिषद मोहना के अध्यक्ष राधाकृष्ण धाकड़ सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण भी शामिल हुए। मंत्री कुशवाह ने शिविर में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा लोगों की समस्याओं का त्वरित व मौके पर ही निराकरण करने के उद्देश्य से जन-विश्वास अभियान शुरू किया गया है। आप सब इसका लाभ उठाएं। विधायक राठौर ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को आश्वस्त किया कि शासन से संबंधित उनकी हर समस्या का समाधान जन-विश्वास शिविर के माध्यम से किया जायेगा। शिविर में प्राप्त प्रत्येक शिकायत पोर्टल पर दर्ज हो रही है। इसकी मॉनीटरिंग मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा की जाती है। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने सभी विभागों के अधिकारियों को शेष समस्याओं को समयबद्ध कार्यक्रम के तहत निराकृत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि प्रत्येक आवेदन सीएम हैल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज होगा। इसलिये समस्या का निराकरण पूरी गंभीरता व गुणवत्ता के साथ करें।