सीवर समस्या निराकरण के लिए अधिकारी करें गंभीरता से कार्य: महापौर डॉ. सिकरवार
ग्वालियर ।शहर की सीवर समस्या एवं खराब सडकों को लेकर महापौर डॉ शोभा सतीश सिकरवार ने अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में महापौर डॉ. सिकरवार ने अधिकारियों को चेतावनी दी है कि सात दिनों में सीवर एवं पेंच रिपेयरिंग से संबंधित समस्याओं का निराकरण गंभीरता से करें। सात दिन बाद जो भी कार्य किए गए हैं, उनका पूरा विवरण एवं कार्यों की जानकारी लेकर आएं।
महापौर ने सर्वप्रथम सीवर समस्या का अधिकारियों से समाधान पूछा। इसके साथ ही उन्होंने सीवर संधारण कार्य के लिए लगाए गए मैन पावर के बारे में जानकारी मांगी। इस पर अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने 36 वार्डों में मैनपावर उपलब्ध करा दिए हैं। जबकि अन्य वार्डाें में अभी मैन पावर उपलब्ध कराया जाना बाकी हैं। इस पर महापौर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देष दिए हैं कि 7 दिनों के अंदर हर हाल में सभी वार्डों में मैनपावर उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही उन्होंने सीवर संधारण कार्य में लगी मषीनरी की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने ठेकेदार के पास संसाधनों की जानकारी भी ली। नगर निगम आयुक्त श्री अभिषेक चौधरी ने बताया कि वह इसका अवलोकन कर रहे हैं कि नवीन मशीनरी को खरीदने में कितना खर्च आएगा अथवा किराए पर लेने में कितना खर्च आएगा। इसके बाद ही निर्णय लिया जाएगा। इसके बाद महापौर ने पेचवर्क के कार्यों को लेकर नाराजगी जताई उन्होंने कहा कि हर हाल में 7 दिनों के अंदर शहर की सडकें गड्ढा मुक्त होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए भले ही रात दिन कार्य करना पडें। इसके साथ ही महापौर ने निर्देष दिए कि अगली बैठक में पूरी जानकारी लेकर आएं। साथ ही सात दिनों में अमृत योजना के कार्य पूर्ण करें।
महापौर डॉ शोभा सतीश सिकरवार ने निर्देष दिए हैं कि कर्मचारियों को सीवर संधारण कार्य के लिए सामान उपलब्ध कराएं। पेचवर्क कार्य को हर हाल में पूर्ण करें। गारंटी पीरियड की सडकें ठेकेदार से कराएं, जबकि बिना गारंटी वाली सडके नगर निगम ठीक करे। सात दिनों बाद वह फिर से सडक के पेचवर्क कार्य को लेकर बैठक लेंगी। महापौर डॉ शोभा सतीश सिकरवार ने निर्देश दिए कि वार्ड क्रमांक 18 व 19 में नालों की हालत काफी खराब है, जिसके कारण वहां पर भारी समस्या आ रही है। उन्होंने निर्देष दिए कि नालों की सफाई का कार्य कराया जाए। बैठक में उपनेता सत्तापक्ष मंगल यादव, एमआईसी सदस्य अवधेश कौरव, नाथूराम ठेकेदार, शकील मंसूरी, श्रीमती संध्या कुशवाह, श्रीमती प्रेमलता धर्मेन्द्र जैन, श्रीमती मोनिका मनीष शर्मा, विनोद यादव माटू, निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी, अपर आयुक्त टी प्रतीक राव, प्रदीप तोमर, अधीक्षण यंत्री एसएल बाथम सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।