हर अधिकारी सुबह फील्ड में दिखेः निगम आयुक्त
ग्वालियर । शहर की सफाई व्यवस्था, सीवर एवं पेयजल सहित अन्य सभी समस्याओं के निराकरण के लिए प्रतिदिन सभी अधिकारी फील्ड में रहे। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कर्मचारियों की हाजिरी चेक करें। अगर कोई कर्मचारी गडबडी करता है तो उसका प्रस्ताव तैयार कर भेजें मैं उस पर कार्रवाई करूंगा। यह निर्देश निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने दिए।
निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने शहर की समस्याओं के निराकरण के लिए अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में नगर निगम आयुक्त ने निर्देश दिए हैं कि सीवर सफाई को लेकर किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाए। जब तक मशीनरी आ रही है, उस समय तक कर्मचारियों को अन्य संसाधन उपलब्ध कराएं, जिससे सीवर सफाई का कार्य सुचारू रूप से चलता रहे। निगम आयुक्त ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कहीं शिकायत की सत्यता पाई जाती है और उसमें अधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो वह स्वयं उस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। बैठक में अपर आयुक्त टी प्रतीक राव, प्रदीप तोमर सहित अधीक्षण यंत्री एसएल बाथम, कार्यपालन यंत्री, सहायक यंत्री उपस्थित थे।