एडीएम ने रात में बिलौआ चैकपोस्ट का किया आकस्मिक निरीक्षण
ग्वालियर। जिले में खनिज पदार्थों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा 24 घंटे सतत निगरानी की जा रही है। इसके लिए जिले में विभिन्न स्थानों पर चैक पोस्ट स्थापित किए गए हैं, जहां खनिज पदार्थों के परिवहन की निरंतर निगरानी की जा रही है।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए अधिकारियों को चैकपोस्टों का रात्रिकालीन औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। निर्देशों के पालन में अपर जिला दण्डाधिकारी सी.बी. प्रसाद ने शनिवार की रात बिलौआ चैकपोस्ट का आकस्मिक निरीक्षण किया। अपर जिला दण्डाधिकारी प्रसाद ने चैकपोस्ट पर तैनात अमले की कार्यप्रणाली का जायजा लिया तथा खनिज पदार्थों के परिवहन की निगरानी संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने बिलौआ क्षेत्र का भी भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया।