मेरा दतिया से गहरा नाता और दतिया मेरा कर्मक्षेत्र भीः आशुतोष तिवारी
दतिया। विकास कार्य भाजपा की डबल इंजन सरकार की पहचान है और जनसेवा ही पार्टी का संकल्प है। भाजपा सरकार में विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ किया जाता है। डबल इंजन सरकार में दतिया विधानसभा को एक नई पहचान दी है, लेकिन कांग्रेस पार्टी ने उसमें भी अड़ंगे लगाए। कांग्रेस ने दतिया विधानसभा की जनता के साथ छलावा किया है और उनको अधिकारों से वंचित किया है। यह बात दतिया उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने सोमवार को दतिया विधानसभा में जनसंपर्क के दौरान आयोजित नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए कहीं।
भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार में हुए विकास कार्यों की बदौलत दतिया विधानसभा क्षेत्र को नई पहचान मिली है। आज दतिया में एयरपोर्ट बन चुका हैं, मेडिकल कॉलेज की सुविधा है, जगह-जगह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोले जा रहे हैं, लोगों को इलाज की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। आज दतिया के युवाओं के लिए यहीं पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दतिया के विकास में भाजपा की सरकार ने कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी है। हर क्षेत्र, हर वर्ग के लोगों को लाभ दिया, लेकिन कांग्रेस पार्टी ने पिछले ढाई वर्षों से दतिया के विकास का पहिया रोक रखा है अब अगले ढाई वर्षों तक इसे तेज गति से घुमाना है, इसलिए भाजपा के विकास को चुनना है। उन्होंने कहा कि मेरा दतिया से गहरा नाता रहा है और दतिया मेरा कर्मक्षेत्र भी रहा है। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ ही आमजन भी मौजूद रहे।