ग्वालियर। भारतीय स्वाधीनता की 79वीं वर्षगांठ जिले में हर्षोल्लास, धूमधाम एवं गरिमामय ढंग से मनाई जायेगी। स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त पर जिले का मुख्य समारोह यहाँ कम्पू स्थित एस.ए.एफ. ग्राउण्ड पर आयोजित होगा। समारोह में मुख्य अतिथि ध्वजारोहण कर संयुक्त परेड की सलामी लेंगे। मुख्य समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सैनानियों, कारगिल शहीदों की वीर नारियों एवं लोकतंत्र सैनानियों को भी सम्मानित किया जायेगा। इस अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग व मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जायेगी। सीमा सुरक्षा बल के श्वान दस्ते को भी आमंत्रित किया जा रहा है।
स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के सिलसिले में गुरुवार को कलेक्ट्रेट के सभागार में संबंधित अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। साथ ही मुख्य समारोह के लिये अधिकारियों को जिम्मेदारियाँ भी सौंपी गईं। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने स्वतंत्रता दिवस पर सभी कार्यक्रम पूरी गरिमा के साथ आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत, एडीएम सीबी प्रसाद व अपर कलेक्टर अनिल बनवारिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे। मुख्य समारोह में निकलने वाली संयुक्त परेड में बीएसएफ, सीआरपीएफ, जिला पुलिस बल, होमगार्ड, एनसीसी व स्काउट गाइड इत्यादि के साथ शौर्या दल की टुकड़ियाँ शामिल होंगीं। संयुक्त परेड की रिहर्सल जल्द से जल्द शुरू करने के निर्देश पुलिस अधिकारियों को दिए गए। बैठक में बताया गया कि संयुक्त परेड व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की फायनल रिहर्सल 13 अगस्त को एसएएफ मैदान पर होगी।