ग्वालियर। व्यक्ति में हुनर हो तो सफलता उसे अवश्य मिलती है। युवा कपिल सोनी ने अपने हुनर की बदौलत ही अपने व्यवसाय को स्थापित कर समाज में न केवल अपना नाम कमाया बल्कि अपने परिवार आर्थिक रूप से सक्षम बनाने में भी कामयाबी हासिल की है। कपिल सोनी का यह सपना प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम से साकार हो सका है। उद्योग विभाग के अधिकारियों द्वारा यह प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम की जानकारी दी और उसे आर्थिक मदद के प्रावधानों के बारे में बताया। इससे कपिल ने योजना के तहत 10 लाख रुपए का ऋण लेने हेतु आवेदन किया।
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया जीवाजी यूनिवर्सिटी ग्वालियर ब्रांच से 10 लाख रुपए का ऋण स्वीकृत हुआ। कपिल ने सराफा बाजार में सोने-चांदी के आभूषण तैयार करने का कार्य प्रारंभ किया। अपने हुनर की बदौलत उसके व्यवसाय में बढ़ोत्तरी हुई और देखते ही देखते उसका जीवन बेहतर हो गया। कपिल ने ज्वैलरी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित की और बेहतरीन डिजाइन, समय पर डिलेवरी और ग्राहकों का विश्वास जीतकर शीघ्र ही स्थानीय बाजार में अपनी अलग पहचान बना ली। कपिल अब लगभग 12 लाख रुपए प्रति साल का कारोबार कर रहे हैं। इसके साथ ही अपने साथ पाँच स्थानीय लोगों को भी प्रत्यक्ष रूप से रोजगार मुहैया करा रहे हैं। कपिल का मानना है कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के माध्यम से उसका सपना पूरा हो सका है। योजना के सहयोग से ही उसे समाज में अपना मुकाम बनाने का मौका मिला है। उसका मानना है कि युवा अगर चाहें तो शासन की योजनाओं के माध्यम से अपना स्वयं का रोजगार स्थापित कर अपना और अपने परिवार का जीवन स्तर बेहतर बना सकते हैं।
कपिल सोनी का कहना है कि उद्योग विभाग के अधिकारियों के माध्यम से योजना के तहत उसका ऋण आवेदन तैयार कराने और बैंक से ऋण दिलाने में जो सहयोग किया है उसी के कारण वह अपना व्यवसाय स्थापित कर पाए हैं। उद्योग केन्द्र के माध्यम से युवाओं को नि:शुल्क स्वरोजगार का मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है। कपिल और उसका परिवार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए युवाओं से भी आग्रह करते हैं कि वे स्वयं का रोजगार स्थापित करें।