मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के कुशल मार्गदर्शन में झांसी मंडल रेल अवसंरचना के आधुनिकीकरण, सुरक्षित परिचालन तथा यात्रियों को तेज़ एवं बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। इसी क्रम में मंडल के विभिन्न रेलखंडों पर तकनीकी उन्नयन एवं आवश्यक सुरक्षा मानकों की पूर्ति के उपरांत सेक्शनल स्पीड में वृद्धि की गई है। साथ ही, सड़क एवं रेल यातायात की सुरक्षा को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से तीन समपार फाटकों को स्थायी रूप से बंद किया गया है।
रेल परिचालन की गति बढ़ाने की दिशा में किए गए कार्यों के अंतर्गत संदललपुर–सिथौली ‘ए’ केबिन के मध्य तृतीय रेल लाइन पर अधिकतम सेक्शनल स्पीड 100 किमी/घंटा से बढ़ाकर 110 किमी/घंटा की गई है। इसी प्रकार दतिया–डबरा तृतीय लाइन खंड पर भी सेक्शनल स्पीड 100 किमी/घंटा से बढ़ाकर 110 किमी/घंटा कर दी गई है। ग्वालियर–श्योपुर रेलखंड पर नवनिर्मित ब्रॉडगेज लाइन में रायरू–जौरा अलापुर खंड पर गति सीमा 90 किमी/घंटा से बढ़ाकर 110 किमी/घंटा तथा जौरा अलापुर–कैलारस खंड पर 75 किमी/घंटा से बढ़ाकर 100 किमी/घंटा कर दी गई है। इसके अतिरिक्त खैरार–मानिकपुर रेलखंड के बांदा–खुरहंड के मध्य नवनिर्मित द्वितीय डाउन लाइन पर भी अधिकतम सेक्शनल स्पीड 90 किमी/घंटा से बढ़ाकर 100 किमी/घंटा कर दी गई है।इसके साथ ही हेतमपुर–धौलपुर तृतीय लाइन खंड पर भी गति सीमा 80 किमी/घंटा से बढ़ाकर 100 किमी/घंटा कर दी गई है। वहीं, परिचालन की सुगमता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए उदयपुरा–टीकमगढ़ खंड के एलपीजीसीएल केबिन, खैरार–मानिकपुर खंड के डिंगवाई एवं खुरहंड स्टेशन तथा झांसी–ग्वालियर खंड के सिथौली ‘ए’ केबिन पर स्थित विभिन्न क्रॉसओवर एवं कॉमन लूप लाइनों पर अनुमेय गति 15 किमी/घंटा से बढ़ाकर 30 किमी/घंटा कर दी गई है।
इन तकनीकी सुधारों से ट्रेनों की औसत गति में वृद्धि होगी, परिचालन अधिक सुचारु बनेगा तथा समयपालन में भी उल्लेखनीय सुधार आएगा। साथ ही, माल एवं यात्री दोनों प्रकार की रेल सेवाओं की क्षमता और दक्षता में वृद्धि होगी। रेल सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए झांसी मंडल में माह के दौरान तीन समपार फाटकों को स्थायी रूप से बंद किया गया है। इनमें वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी–मानिकपुर रेलखंड का समपार फाटक संख्या 476, महोबा–खजुराहो रेलखंड का समपार फाटक संख्या 2 तथा वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी–ग्वालियर रेलखंड का समपार फाटक संख्या 409 शामिल हैं। इन समपार फाटकों के बंद होने से अनधिकृत सड़क पारगमन की संभावना में कमी आएगी तथा रेल एवं सड़क दोनों यातायात की सुरक्षा और अधिक सुदृढ़ होगी। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि झांसी मंडल यात्रियों को सुरक्षित, तीव्र एवं विश्वसनीय रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए अधोसंरचना विकास, तकनीकी उन्नयन तथा सुरक्षा संबंधी सुधारों को निरंतर गति दे रहा है। ।