प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देश के 20 राज्यों में पुनर्विकसित 75 अमृत भारत स्टेशनों का राष्ट्र को समर्पित किया। इनमें मध्य प्रदेश के 13 अमृत स्टेशन शामिल हैं। इसी क्रम में उत्तर मध्य रेलवे के झाँसी मंडल अंतर्गत टीकमगढ़, महाराजा छत्रसाल छतरपुर, हरपालपुर तथा भिण्ड रेलवे स्टेशनों का भी लोकार्पण किया गया। यह उपलब्धि क्षेत्र में आधुनिक रेल अवसंरचना, बेहतर यात्री सुविधाओं तथा स्थानीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
चारों स्टेशनों पर आयोजित समारोहों में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, रेलवे अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत इन स्टेशनों का पुनर्विकास स्थानीय स्थापत्य, सांस्कृतिक पहचान और आधुनिक सुविधाओं के समन्वय के साथ किया गया है, जिससे यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं विश्वस्तरीय यात्रा अनुभव उपलब्ध होगा। टीकमगढ़ रेलवे स्टेशन पर आयोजित लोकार्पण समारोह में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने मुख्यमंत्री का पौधा एवं शॉल भेंटकर स्वागत किया। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर, वन राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार, विधायक जतारा हरिशंकर खटीक तथा विधायक टीकमगढ़ यादवेन्द्र सिंह का पौधा एवं शॉल भेंटकर स्वागत किया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि कोयले से प्रारंभ हुई रेल यात्रा आज हाइड्रोजन तकनीक तक पहुँच गई है, जो भारतीय रेलवे की प्रगति का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि टीकमगढ़ का पुनर्विकसित स्टेशन बुंदेलखंड की समृद्ध संस्कृति और गौरवशाली इतिहास का प्रतिबिंब है। बढ़ती रेल कनेक्टिविटी से क्षेत्र में रोजगार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह स्टेशन यहाँ आने वाले यात्रियों को बुंदेलखंड की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराएगा।
टीकमगढ़ स्टेशन के पुनर्विकास के अंतर्गत स्टेशन भवन का उन्नयन, सर्कुलेटिंग एरिया का विकास, आधुनिक प्रतीक्षालय, एग्जीक्यूटिव लाउंज, आकर्षक फसाड, पार्किंग क्षेत्र का विस्तार, 12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज, दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाएँ तथा अन्य आधुनिक यात्री सुविधाएँ विकसित की गई हैं। महाराजा छत्रसाल छतरपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि एक समय था जब छतरपुर में रेल सुविधा का सपना देखा जाता था, जबकि आज यह स्टेशन आधुनिक भारत की नई पहचान बन चुका है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद भारतीय रेलवे ने अभूतपूर्व विकास किया है और आज देश विश्वस्तरीय रेल अवसंरचना की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि टीकमगढ़ लोकसभा क्षेत्र के तीन स्टेशन—हरपालपुर, टीकमगढ़ और छतरपुर—का एक साथ लोकार्पण क्षेत्र के विकास का नया अध्याय है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए चुनिंदा पुनर्विकसित स्टेशनों में महाराजा छत्रसाल छतरपुर स्टेशन भी शामिल रहा। उन्होंने वंदे भारत, अमृत भारत और नमो भारत जैसी स्वदेशी ट्रेनों का उल्लेख करते हुए कहा कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भारतीय रेलवे की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
महाराजा छत्रसाल छतरपुर स्टेशन पर स्टेशन भवन का आधुनिकीकरण, प्लेटफॉर्म सुधार, सर्कुलेटिंग एरिया का विकास, आकर्षक फसाड, आधुनिक प्रतीक्षालय, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाएँ तथा अन्य यात्री सुविधाओं का विकास किया गया है। हरपालपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित लोकार्पण समारोह में राज्यसभा सांसद श्री महेश केवट मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि स्टेशन के पुनर्विकास से हरपालपुर को नई पहचान मिली है और क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी। पुनर्विकास के अंतर्गत स्टेशन भवन का उन्नयन, प्लेटफॉर्म सुधार, सर्कुलेटिंग एरिया का विकास, आधुनिक प्रतीक्षालय, आकर्षक फसाड, दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाएँ तथा अन्य आवश्यक यात्री सुविधाएँ विकसित की गई हैं, जिससे यात्रियों को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक रेल सेवाएँ उपलब्ध होंगी।
भिण्ड रेलवे स्टेशन पर आयोजित लोकार्पण समारोह में लोकसभा सांसद श्रीमती संध्या राय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में विधायक श्री नरेन्द्र सिंह कुशवाहा, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती वर्षा वाल्मीकि, जिला कलेक्टर श्री किरोड़ीलाल मीणा, पुलिस अधीक्षक श्री सूरज कुमार वर्मा, स्वतंत्रता सेनानी परिवार के प्रतिनिधि श्री पिंकी दांत्रे, मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री यशवंत वर्मा, रेलवे एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। समारोह के दौरान स्थानीय कलाकारों ने चंबल अंचल की सांस्कृतिक विरासत पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं।
मुख्य अतिथि सांसद श्रीमती संध्या राय ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित भिण्ड रेलवे स्टेशन को जिले के किसानों, युवाओं और आम नागरिकों के लिए विकास की महत्वपूर्ण सौगात बताया। उन्होंने आधुनिक स्टेशन भवन, लिफ्ट, फुट ओवर ब्रिज, दिव्यांगजन-अनुकूल व्यवस्थाओं तथा स्वच्छ एवं आकर्षक परिसर की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने नागरिकों से स्टेशन परिसर एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने का आग्रह भी किया। विधायक श्री नरेन्द्र सिंह कुशवाहा ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के माध्यम से भिण्ड रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास क्षेत्र के विकास की नई पहचान बनेगा और इससे स्थानीय नागरिकों को दीर्घकालिक लाभ प्राप्त होंगे।
झाँसी मंडल के अंतर्गत पुनर्विकसित टीकमगढ़, महाराजा छत्रसाल छतरपुर, हरपालपुर एवं भिण्ड रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण क्षेत्र में आधुनिक रेल अवसंरचना के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इन चारों स्टेशनों पर विकसित आधुनिक यात्री सुविधाएँ न केवल यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करेंगी, बल्कि पर्यटन, व्यापार, शिक्षा एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति देंगी। अमृत भारत स्टेशन योजना के माध्यम से भारतीय रेल आधुनिक तकनीक, उत्कृष्ट यात्री सुविधाओं और स्थानीय सांस्कृतिक विरासत के समन्वय के साथ देशभर में विश्वस्तरीय रेलवे स्टेशन विकसित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।