ग्वालियर। प्रदेश सरकार हर कदम पर व्यापारियों व उद्यमियों के साथ खड़ी है। सरकार समयबद्ध कार्यक्रम के तहत उद्यमियों की समस्याओं का समाधान करने के लिये कटिबद्ध है। यह बात जिले के प्रभारी मंत्री एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कही। सिलावट रविवार को ग्वालियर में कैट (कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स) की जिला इकाई द्वारा आयोजित “व्यापार उद्योग संवाद” में मौजूद शहर के उद्यमियों व व्यापारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बड़ी संख्या में मौजूद शहर के व्यवसाइयों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिये हर तीन माह में बैठक आयोजित की जायेगी।
प्रभारी मंत्री सिलावट ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार ऐसा वातावरण तैयार कर रही है, जिससे उद्योगों के निवेश के लिये पर्याप्त अवसर मिलें। उन्होंने कहा किसी भी राज्य की अर्थव्यवस्था केवल सरकार के प्रयासों से नहीं बल्कि सरकार, प्रशासन, उद्योग और व्यापार जगत के सामूहिक सहयोग से आगे बढ़ती है। संवाद ही वह माध्यम है जिससे समस्याओं का समाधान निकलता है और विकास की नई संभावनायें जन्म लेती हैं। प्रभारी मंत्री सिलावट ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा उद्योगों को बढ़ावा देने के लिये प्रभावी कदम उठाए गए हैं। इस क्रम में इन्वेस्टर समिट के साथ-साथ क्षेत्रीय स्तर तक औद्योगिक कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया है, जिसके फलस्वरूप प्रदेश में बड़े पैमाने पर औद्योगिक निवेश आया है। सरकार द्वारा पिछले साल को औद्योगिक वर्ष के रूप में मनाया गया था। श्री सिलावट ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल आर्थिक विकास नहीं बल्कि समावेशी एवं संतुलित विकास है, जिसमें व्यापारी, उद्यमी, युवा, किसान एवं प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया ने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार व्यापारियों व उद्यमियों के हितों का पूरा ध्यान रख रही है। उन्होंने कहा सरकार द्वारा उद्योगों को बढ़ावा देने के लिये हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। अपर आयुक्त नगर निगम प्रदीप तोमर ने कहा कि उद्यमी विकास की रीढ़ होते हैं। शहर के सुनियोजित विकास में हर नागरिक का सहयोग जरूरी है। ग्वालियर शहर को सुंदर व विकसित बनाने के लिये व्यापारी आगे आएं। नगर निगम द्वारा उनकी समस्याओं का तत्परता से समाधान किया जायेगा।
व्यापारी संवाद में कैट के राष्ट्रीय संगठन मंत्री भूपेन्द्र जैन, मेला प्राधिकरण के उपाध्यक्ष उदयवीर सिंह गुर्जर व जीडीए के उपाध्यक्ष सुधीर गुप्ता, कैट की जिला इकाई के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, महामंत्री रामकुमार गोयल, कोषाध्यक्ष नितिन गोयल, कार्यक्रम संयोजक आकाश जैन तथा राजू कुकरेजा, अजय मंगल व श्याम शुक्ला सहित कैट के अन्य पदाधिकारी मंचासीन थे। कार्यक्रम का संचालन प्रभात चौपड़ा द्वारा किया गया।