आईटीएम ‘मेघ मल्हार-2026‘ का आयोजन 18 और 19 जुलाई को
- आईटीएम यूनिवर्स ग्वालियर की ओर से आयोजित होने वाले शास्त्रीय संगीत की इस बार 28वीं कड़ी
- आईटीएम सिथौली परिसर के विक्रम साराभाई ब्लाॅक स्थित डाॅ. राममनोहर लोहिया सभागार में शाम 7 बजे से देश के सुप्रसिद्ध कलाकार विदुषी आईवी बनर्जी, साजन मिश्र और स्वरांश मिश्र देंगे शास्त्रीय संगीत की सुमधुर प्रस्तुति
- संगीत रसिकों को आयोजन स्थल तक लाने-जे जाने की रहेगी निःशुल्क वाहन व्यवस्था
ग्वालियर । भारतीय ज्ञान परंपरा अध्ययन पीठ आईटीएम यूनिवर्सिटी ग्वालियर एवं आईटीएम यूनिवर्स, ग्वालियर की प्रस्तुति ‘मेघ मल्हार-2026‘ में दो दिवस तक सुरों और रागों की सुमधुर वर्षा होने जा रही हैं भारतीय शास्त्रीय संगीत सभा ‘मेघ मल्हार‘ की 28वीं कड़ी का शुभारंभ 18 जुलाई को देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान आईटीएम यूनिवर्स ग्वालियर में होगा। जहां देश के प्रतिष्ठित गायक-गायिकाओं को आमंत्रित किया गया है, जो शास्त्रीय संगीत में स्वर लहरियों से वातावरण में सकारात्मक उर्जा का संचार ग्वालियर शहरवासियों को संगीत के अनूठे अनुभव का भान करायेंगे। मेघ मल्हार का यह आयोजन 19 जुलाई तक सिथौली परिसर के विक्रम साराभाई ब्लाॅक स्थित डाॅ. राममनोहर लोहिया सभागार में होगा। इस दो दिवसीय शास्त्रीय संगीत सम्मेलन मेघ मल्हार का समय प्रतिदिन शाम 7 बजे से रहेगा।
मेघ मल्हार के रागों से सजेगी शास्त्रीय संगीत की अद्भुत सभा
आईटीएम यूनिवर्स ग्वालियर ऐसा शैक्षणिक संस्थान है जहां कलाओं को विशेष महत्त्व दिया जाता है। यह संस्थान शिक्षा के क्षेत्र में अपना उत्कृष्ट योगदान दे ही रहा है, वहीं उसके सांस्कृतिक सरोकार भी किसी से छिपे नहीं है। कला-संस्कृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए आईटीएम यूनिवर्स में हर वर्ष आमोत्सव, रंग महोत्सव, संगीत सम्मेलन, नृत्य महोत्सव, आर्टमीट, शिल्पकार शिविर जैसे बड़े कला आयोजन साल दर साल सिर्फ इसलिए करता आ रहा है ताकि नई पीढ़ी भी कला संस्कृति से जुड़े और उसमें एक रिश्ता कायम करे। मेघ मल्हार का आयोजन इसी सरोकार की एक कड़ी है।
- आईटीएम ‘मेघ मल्हार-2026‘ के पहले दिन 18 जुलाई को विदुषी आईवी बनर्जी शास्त्रीय संगीत की सुमधुर प्रस्तुति देंगी।
- वहीं अगले दिन 19 जुलाई को श्री साजन मिश्र एवं श्री स्वरांश मिश्र द्वारा शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुति दी जाएगी। दोनों दिन की सभाएं शाम 7 बजे से शुरू होंगी।
आईटीएम की ओर से रहेगा निःशुल्क वाहन व्यवस्था
आईटीएम मेघ मल्हार-2026 का शास्त्रीय संगीतमयी आनंद लेने के लिए शहर से आने वाले संगीत रसिकों के लिए आईटीएम यूनिवर्स ग्वालियर की ओर से बसों की निःशुल्क व्यवस्था की गई है। निश्चित स्थान चेतकपुरी पेट्रोल पंप पर आईटीएम की बसें शाम ठीक 6 बजे से उपलब्ध रहेंगी, जो आयोजन स्थल पर पहुंचाएंगी और कार्यक्रम समाप्ति के बाद वापस उसी स्थान पर श्रोताओं को छोड़ेंगी।