डॉक्टर्स डे पर दून पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट का किया शैक्षणिक भ्रमण
*डॉक्टर्स डे* के अवसर पर दिनांक 1 जुलाई 2026 को दून पब्लिक स्कूल के 55 विद्यार्थियों ने कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को चिकित्सकीय सेवाओं, स्वास्थ्य जागरूकता एवं अस्पताल की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत ,डॉ. हिमांशु खत्री* द्वारा अस्पताल का परिचय देने के साथ हुई। उन्होंने विद्यार्थियों को हैंड हाइजीन (हाथों की स्वच्छता) के महत्व के बारे में बताया तथा हाथ धोने के सही चरणों का प्रदर्शन कर उन्हें व्यावहारिक रूप से भी सिखाया। उन्होंने बताया कि संक्रमण से बचाव के लिए सही तरीके से हाथों की स्वच्छता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।
इसके पश्चात *डॉ. अनीता अग्रवाल* ने विद्यार्थियों को सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) का महत्व समझाया। उन्होंने बताया कि आपातकालीन परिस्थितियों में सीपीआर किसी व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने मैनिकिन पर सीपीआर का प्रदर्शन किया तथा विद्यार्थियों को स्वयं अभ्यास करने का अवसर भी प्रदान किया।
इसके बाद विद्यार्थियों ने अस्पताल परिसर का भ्रमण किया और अस्पताल की विभिन्न सेवाओं एवं कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने अस्पताल के चिकित्सकों को अपने हाथों से बनाए गए सुंदर शुभकामना कार्ड भेंट कर डॉक्टर्स डे की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर अस्पताल के *निदेशक डॉ. बी. आर. श्रीवास्तव* ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए तंबाकू एवं सुपारी के सेवन से होने वाले कैंसर के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि बच्चे समाज के सशक्त संदेशवाहक हैं और वे अपने परिवार एवं समुदाय में कैंसर से बचाव एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश प्रभावी रूप से पहुँचा सकते हैं।
इस अवसर पर दून पब्लिक स्कूल की शिक्षिकाओं द्वारा डॉ. बी. आर. श्रीवास्तव का स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के एक छात्र ने चिकित्सकों के समर्पण, सेवा भावना एवं समाज के प्रति उनके अमूल्य योगदान पर आधारित एक भावपूर्ण कविता प्रस्तुत की, जिसकी सभी ने सराहना की।
यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक रहा तथा उन्हें स्वास्थ्य, स्वच्छता, जीवनरक्षक कौशल एवं कैंसर जागरूकता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त हुईं।