एलएनआईपीई के पाँच दिवसीय YES PE–2026 कार्यक्रम का हुआ सफल समापन


ग्वालियर। लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान (एलएनआईपीई), ग्वालियर में आयोजित पाँच दिवसीय YES PE–2026 (Young Engagement in Sports and Physical Education) कार्यक्रम का गरिमामय वातावरण में सफल समापन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संस्थान की कुलपति प्रो. कल्पना शर्मा रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रभारी कुलसचिव प्रो. यतेन्द्र सिंह, कार्यक्रम समन्वयक प्रो. जोसेफ सिंह, केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1 के प्राचार्य राजेश पांडे तथा केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2, वायुसेना स्टेशन के प्राचार्य  संजीव कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सहायक कार्यक्रम समन्वयक डॉ. नरेन्द्र यादव ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

अपने उद्बोधन में कुलपति प्रो. कल्पना शर्मा ने कहा कि YES PE केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं को खेल एवं शारीरिक शिक्षा का सशक्त दूत बनाने का राष्ट्रीय अभियान है। उन्होंने कहा कि माननीय केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया जी की परिकल्पना एवं मार्गदर्शन में प्रारंभ की गई यह पहल देशभर के विद्यार्थियों में खेल संस्कृति, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम बन रही है। उन्होंने प्रतिभागियों से अपने-अपने विद्यालयों एवं समुदाय में खेल एवं शारीरिक शिक्षा के प्रचार-प्रसार का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न राज्यों से आए YES PE एम्बेसडरों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि पाँच दिनों के इस प्रशिक्षण ने उन्हें नेतृत्व क्षमता, खेल शिक्षा, टीमवर्क, संचार कौशल, व्यक्तित्व विकास तथा खेलों के सामाजिक महत्व को गहराई से समझने का अवसर प्रदान किया। प्रतिभागियों ने एलएनआईपीई के विश्वस्तरीय खेल परिसर, विशेषज्ञों के मार्गदर्शन एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए इसे अपने जीवन का अविस्मरणीय अनुभव बताया।

कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि YES PE जैसे कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जिम्मेदारी एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करते हैं। उन्होंने एलएनआईपीई द्वारा बच्चों को सुरक्षित, प्रेरणादायी एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण वातावरण उपलब्ध कराने के लिए संस्थान की सराहना की तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की।

इस अवसर पर अतिथियों ने प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समन्वय एलएनआईपीई के संकाय सदस्यों एवं आयोजन समिति के सहयोग से संपन्न हुआ।

जनसंपर्क अधिकारी तरुण प्रताप सिंह तोमर ने बताया कि YES PE कार्यक्रम का उद्देश्य देशभर के विद्यार्थियों को खेल एवं शारीरिक शिक्षा का युवा राजदूत बनाकर उन्हें अपने-अपने विद्यालयों एवं समाज में खेल संस्कृति के प्रसार हेतु प्रेरित करना है। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने खेल एवं फिटनेस को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।

posted by Admin
7

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->