पौधारोपण कार्य को विशेष रूप से युद्धस्तर पर किया जायेः निगमायुक्त
ग्वालियर। निगम आयुक्त संघ प्रिय ने बुधवार को पार्क विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में विभागीय कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा वर्षाकाल को ध्यान में रखते हुए पौधारोपण कार्य को विशेष रूप से युद्धस्तर पर करने के दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में आयुक्त संघ प्रिय ने सर्वप्रथम पौधरोपण अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्षाकाल प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में ऐसे उपयुक्त स्थान का चयन किया जाए, जहां अधिक से अधिक जनभागीदारी के साथ व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया जा सके। इसके लिए दो दिवस के भीतर स्थान चिन्हित कर प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने पार्कों के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए 53 अर्धविकसित एवं 90 अविकसित पार्कों को विकसित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में आयुक्त संघ प्रिय ने सभी पार्कों में स्थापित फाउंटेन नियमित रूप से संचालित रखने के निर्देश भी दिए। समीक्षा के दौरान आयुक्त ने विभागीय अधिकारियों को विभिन्न विकास एवं संधारण कार्यों से संबंधित निविदा प्रक्रिया वर्षाकाल से पूर्व शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में पार्क विभाग के अपर आयुक्त प्रदीप तोमर, कार्यपालन यंत्री श्रीकांत कांटे, सहायक यंत्री अजय शाक्यवार, पार्क अधीक्षक शैलेंद्र सिंह सहित पार्क पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।