पिंटो पार्क फिश मार्केट की निर्माणाधीन दुकानों पर चली निगम की जेसीबी
ग्वालियर। शहर में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में नगर निगम की टीम ने बुधवार को वार्ड क्रमांक 19 के अंतर्गत पिंटो पार्क पानी की टंकी के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए फिश मार्केट (फिश पार्लर) की अवैध रूप से बन रही निर्माणाधीन दुकानों को हटाया है। नगर निगम के जोन क्रमांक 08 के अंतर्गत आने वाले पिंटो पार्क क्षेत्र में अवैध रूप से फिश मार्केट के लिए दुकानों का निर्माण किया जा रहा था। इसकी सूचना मिलते ही निगम का दस्ता मौके पर पहुंचा और निर्माण कार्य को रुकवाते हुए संरचनाओं को ढहाने की कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई के दौरान मौके पर नगर निगम के भवन अधिकारीयशवंत मैकले, क्षेत्राधिकारी अजय शर्मा, मदाखलत अधिकारी सत्येंद्र भदौरिया आदि उपस्थित थे।