निगम सभापति तोमर ने मुरैना में मोर अभयारण्य बनाने के लिए मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
ग्वालियर। मुरैना में मोर अभयारण्य बनाने की मांग मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एवं विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर को नगर निगम परिषद के अध्यक्ष मनोज तोमर ने पत्र लिखकर की है।
निगम परिषद अध्यक्ष मनोज तोमर ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एवं विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर को पत्र लिखकर मांग की है कि मुरैना जिले में राष्ट्रीय पक्षी मोर के संरक्षण के लिए विशेष मोर अभयारण्य स्थापित किया जाए। इससे मुरैना एवं ग्वालियर जिले में पर्यटन को भी बढावा मिलेगा। मुरैना जिले में बड़ी संख्या में मोर पाए जाते हैं, लेकिन उनके संरक्षण के लिए अभी तक कोई समर्पित अभयारण्य नहीं है। आए दिन समाचारों के माध्यम से मोरों के घायल होने और उनकी मौत की घटनाएं सामने आती रहती हैं, जो चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि मोर भारत का राष्ट्रीय पक्षी है और देश में अभी तक ऐसा कोई विशिष्ट अभयारण्य नहीं है, जहां केवल मोरों के संरक्षण और संवर्धन का कार्य किया जाता हो। पत्र में उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि जिस प्रकार श्योपुर जिले में चीता संरक्षण के लिए कूनो राष्ट्रीय उद्यान विकसित किया गया है, उसी प्रकार नई पहल के रूप में मुरैना जिले में भी मोरों के संरक्षण के लिए एक समर्पित मोर अभयारण्य विकसित किया जाना चाहिए।