ग्वालियर । गौ सेवा एवं भारतीय ज्ञान परंपरा को समर्पित संस्थान ‘गौ विश्व विद्यापीठम्’ अहमदाबाद के स्थापना दिवस समारोह में आदर्श गौशाला एक प्रेरक एवं अनुकरणीय मॉडल के रूप में उभरकर सामने आई। गुजरात के गांधीनगर स्थित कडी सर्व विश्वविद्यालय के एल.डी.आर.पी. कैंपस में आयोजित कार्यक्रम में श्रीकृष्णायन आदर्श गौशाला के संत स्वामी ऋषभ देवानंद महाराज सम्मिलित हुए। समारोह में गुजरात सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्री कांतिलालभाई अमृतिया, पूर्व शिक्षा मंत्री भूपेंद्र सिंह चूडासमा, आरएसएस गुजरात प्रदेश समिति सदस्य घनश्यामभाई व्यास उपस्थित रहे।
समारोह मेंस्वामी ऋषभ देवानंद महाराज ने कहा कि गौ-संस्कृति के माध्यम से ग्राम स्वावलंबन, प्रकृति संरक्षण एवं सामाजिक परिवर्तन संभव है। उन्होंने कहा कि गौशाला केवल गौ संरक्षण का केंद्र नहीं, बल्कि जैविक ऊर्जा, अक्षय ऊर्जा एवं सकारात्मक जीवनशैली का सशक्त मॉडल बन सकती है। स्वामी जी ने गोबर आधारित उत्पादों, हरित ऊर्जा, जैविक कृषि एवं प्राकृतिक जीवनशैली से जुड़े कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि “हमें प्रसन्नता है कि ग्वालियर की गौशाला का मॉडल अब गुजरात में भी सराहा जा रहा है।” कार्यक्रम के दौरान गौ आधारित सतत विकास के 21 सूत्रीय मॉडल पर विशेष चर्चा हुई। इसी क्रम में श्रीकृष्णायन – आदर्श गौशाला एवं G.V.V. पीठ, अहमदाबाद के मध्य ज्ञान, प्रशिक्षण, गौसंवर्धन, जैविक कृषि एवं भारतीय ज्ञान परंपरा के आदान-प्रदान हेतु MOU पर भी सहमति बनी। कार्यक्रम आध्यात्मिक चेतना, गौ सेवा एवं सतत विकास के संकल्पों के साथ संपन्न हुआ। संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष मिनेश पटेल एवं उनकी टीम ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।