विश्व संग्रहालय दिवस पर गूजरी महल में लगी दुर्लभ ऐतिहासिक वस्तुओं की छायाचित्र प्रदर्शनी
ग्वालियर । केंद्रीय पुरातत्व संग्रहालय गूजरी महल में विश्व संग्रहालय दिवस 18 मई के उपलक्ष्य में छायाचित्र प्रदर्शनी एवं म्यूजियम वॉक का आयोजन किया गया। संचालनालय पुरातत्व अभिलेखागार एवं संग्रहालय की पहल पर यह प्रदर्शनी छात्र-छात्राओं, शोधार्थियों, शिक्षकों एवं आमजन में पुरातत्विक धरोहरों और संस्कृति के प्रति जागरूकता एवं रुचि विकसित करने के उद्देश्य से लगाई गई।
प्रदर्शनी में क्षेत्र के निजी संग्राहकों द्वारा वर्षों की मेहनत और संरक्षण से संजोई गई दुर्लभ ऐतिहासिक सामग्री प्रदर्शित की गई। इसमें ग्वालियर रियासत के ऐतिहासिक सिक्के, ग्वालियर किला स्थित टकसाल में ढाले गए दुर्लभ सिक्के तथा सिंधिया रियासत कालीन चपरास विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इसके अलावा ब्रिटिश कालीन सिक्के, ग्वालियर रियासत के ऐतिहासिक गजट, रियासत कालीन समाचार पत्र, महत्वपूर्ण दस्तावेज, डाक टिकट एवं अन्य संग्रहणीय वस्तुओं का भी प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनी में भारतीय मुद्रा एवं डाक इतिहास से जुड़ी विशेष सामग्री ने भी दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
“आजादी का अमृत महोत्सव” के अंतर्गत जारी विशेष स्मारक सिक्कों की श्रृंखला, “वंदे मातरम्” के 150 वर्ष पूर्ण होने पर भारत सरकार द्वारा जारी 150 रुपए का स्मारक सिक्का, विशेष डाक टिकट एवं वंदे मातरम् की प्रतिकृति भी प्रदर्शनी में आकर्षण का केंद्र रहीं। प्रदर्शनी का शुभारंभ उपसंचालक पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय ग्वालियर श्री पी.सी. महोबिया एवं माधव महाविद्यालय ग्वालियर के विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज अवस्थी ने किया।